करनाल जिले में बढ़ रही दुपहिया वाहन चोरी की घटनाओं पर लगाम लगाने के लिए एंटी ऑटो व्हीकल थेफ्ट टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं। पूछताछ में कई वारदातों का खुलासा हुआ है। पुलिस ने दोनों को कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। एंटी ऑटो व्हीकल थेफ्ट स्टाफ टीम ने इंचार्ज सब इंस्पेक्टर विकास कुमार के नेतृत्व में कार्रवाई की। टीम ने ग्रीन बेल्ट सेक्टर-9 के पास से दोनों आरोपियों को सबूतों के आधार पर काबू किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आशु निवासी छोटी मंगलपुर कॉलोनी रूलर पार्ट-1 करनाल, हाल निवासी आरके पुरम नजदीक हॉकी स्टेडियम पार्ट-2 करनाल और रवि निवासी दलीची मोहल्ला सरहिंद फतेहगढ़ साहिब पंजाब, हाल निवासी गली नंबर 13 वसंत बिहार करनाल के रूप में हुई है। तीन मामलों में गिरफ्तारी, एक और वारदात का खुलासा पुलिस ने आरोपियों को पहले से दर्ज दो अलग-अलग मामलों में गिरफ्तार किया है। पूछताछ के दौरान दोनों ने करीब एक महीने पहले थाना रामनगर करनाल की वारदात का भी खुलासा किया है। चोरी की दो मोटरसाइकिल बरामद जांच के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल बरामद की गई हैं। पुलिस के अनुसार आरोपी लगातार दुपहिया वाहन चोरी की घटनाओं को अंजाम दे रहे थे। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी रवि के खिलाफ पहले भी चोरी के कई मामले दर्ज हैं। इससे उसके आपराधिक रिकॉर्ड की पुष्टि हुई है। कोर्ट ने भेजा जेल, जांच जारी पुलिस ने दोनों आरोपियों को आज कोर्ट में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस अब मामले की गहराई से जांच कर रही है, ताकि अन्य वारदातों का भी खुलासा हो सके।
