कपूरथला सीआईए स्टाफ ने नाकाबंदी के दौरान 500 ग्राम हेरोइन के साथ दो नशा तस्करों को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपियों के खिलाफ थाना सदर में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने उन्हें अदालत में पेश कर तीन दिन का रिमांड भी हासिल किया है। इसकी पुष्टि एसपी (डी) हरिंदर सिंह ने की। एसपी (डी) हरिंदर सिंह ने बताया कि सीआईए स्टाफ के इंचार्ज एसआई रमन कुमार अपनी टीम के साथ मुश्कवेद चौक पर मौजूद थे। इसी दौरान उन्हें मुखबिर से सूचना मिली कि गांव डोगरांवाल निवासी लाडी सिंह और राम सिंह बड़े पैमाने पर हेरोइन बेचने का धंधा करते हैं। सूचना मिलने पर पुलिस ने की नाकाबंदी सूचना के अनुसार, वे बाइक पर सवार होकर गांव हमीरा और लखन कलां होते हुए कपूरथला शहर में किसी व्यक्ति को नशे की खेप देने आ रहे थे। इस सूचना पर सीआईए स्टाफ की टीम ने गांव लखन कलां रोड पर श्री आनंदपुर साहिब खालसा अकैडमी के पास नाकाबंदी कर दी।कुछ देर बाद, एक बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस पार्टी को देखकर वे घबरा गए और पीछे भागने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उन्हें दबोच लिया। एसपी (डी) हरिंदर सिंह ने बताया कि डीएसपी सब-डिवीजन डॉ. शीतल सिंह की मौजूदगी में जब बाइक सवार राम सिंह की तलाशी ली गई, तो उसके पास से 200 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। वहीं, लाडी सिंह से 300 ग्राम हेरोइन की खेप मिली। दोनों आरोपियों से गहनता से पूछताछ जारी है।
