बरनाला जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को सफलता मिली है। थाना सहिणा पुलिस ने 11 किलोग्राम भुक्की-चूरा पोस्त के साथ एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। जानकारी के अनुसार, थाना शेहणा के हवलदार गुरमीत सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ बस स्टैंड उगोके के पास संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान एक खास मुखबिर ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस को मुखबिर ने दी सूचना मुखबिर ने बताया कि मिट्ठू सिंह निवासी चंद गिदड़ी के कोठे, मौड़ नाभा, बाहरी इलाकों से भारी मात्रा में भुक्की-चूरा पोस्त लाकर अपने घर में रखता है और उसे आगे बेचने का काम करता है। मुखबिर ने यह भी जानकारी दी कि आरोपी लंबे समय से नशे के कारोबार में शामिल है। पुलिस ने सूचना को गंभीरता से लेते हुए तुरंत कार्रवाई की। पहले थाने में रुक्का भेजकर मामला दर्ज करवाया गया और फिर पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी को काबू कर लिया। तलाशी के दौरान आरोपी के कब्जे से 11 किलोग्राम भुक्की-चूरा पोस्त बरामद की गई। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी से पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह नशे की खेप कहां से लाता था और किन लोगों को सप्लाई करता था। पुलिस इस मामले में जुड़े अन्य लोगों तक पहुंचने की कोशिश कर रही है। पुलिस ने कहा कि नशा तस्करों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी हालत में नशे का कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।