मोहाली सीआईए स्टाफ ने अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में बड़ी सफलता हासिल की है। टीम ने 3 आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 6 अवैध पिस्तौल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं। एसएसपी हरमनदीप सिंह हंस ने बताया कि यह कार्रवाई डीआईजी रोपड़ रेंज नानक सिंह के निर्देश पर की गई। एसएसपी ने जानकारी दी कि यह कार्रवाई एसपी (आई) सौरव जिंदल, एसपी (ऑपरेशन) तलविंदर सिंह और डीएसपी (इन्वेस्टिगेशन) राजन परमिंदर सिंह की निगरानी में हुई। पुलिस को गांव नयां शहर – बडाला के पास गुप्त सूचना मिली थी। सूचना में बताया गया था कि विकास उर्फ लक्की (22) नामक युवक और उसके साथी अवैध हथियार रखते हैं। पुलिस ने आरोपी को गांव से पकड़ा इसके बाद थाना सदर खरड़ में आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपी विकास उर्फ लक्की को उसके गांव बडाली के पास से वेरना कार (नंबर पीबी10-डी एक्स- 1001) सहित गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने अपने दो साथियों, सोनीपत निवासी 26 वर्षीय अनीश कुमार उर्फ हनी बॉक्सर (जो वर्तमान में सेक्टर 36 चंडीगढ़ में रहता है) और नयां शहर- बडाला निवासी 19 वर्षीय प्रदीप सिंह उर्फ बिल्ली के नाम बताए। इन दोनों को भी गिरफ्तार कर लिया गया है। धनास, चंडीगढ़ निवासी साजन नामक एक अन्य आरोपी अभी फरार है। आरोपियों के पास से हथियार बरामद गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से कुल 6 पिस्तौल बरामद की गई हैं, जिनमें 3 पिस्तौल .32 बोर, 1 पिस्तौल .30 बोर, 1 पिस्तौल .45 बोर और 1 पिस्तौल .12 बोर शामिल हैं। इसके साथ ही 12 जिंदा कारतूस और 4 खाली खोल भी मिले हैं। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई वेरना कार को भी जब्त कर लिया है। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि ये हथियार मेरठ, उत्तर प्रदेश से लाए गए थे। पुलिस के अनुसार, गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश जारी है और आने वाले दिनों में और गिरफ्तारियां होने की संभावना है। मोहाली पुलिस ने स्पष्ट किया है कि जिले में अपराध और अवैध हथियारों के खिलाफ उनका अभियान जारी रहेगा।