जोधपुर के भगत की कोठी थाना क्षेत्र में एक महिला वकील के घर में खड़ी स्कूटी का बिना हेलमेट का चालान कट गया। यातायात पुलिस के कैमरे में कैद तस्वीर से खुलासा हुआ कि कोई अज्ञात व्यक्ति फर्जी प्लेट लगाकर घूम रहा है। पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर अब धोखाधड़ी और जालसाजी का मामला दर्ज कर जांच शुरू की है। भगत की कोठी थाना प्रभारी एसआई गिरधारीलाल ने बताया- जोधपुर के प्रताप नगर स्थित जगदम्बा कॉलोनी (महेश हॉस्टल के पीछे) निवासी वकील मधु भाटी इन्दा पत्नी करणसिंह इन्दा की रिपोर्ट पर यह मामला दर्ज किया गया है। रिपोर्ट के अनुसार, 7 दिसंबर 2025 को पुलिस कंट्रोल रूम से उनके मोबाइल पर एक मैसेज आया। इसमें बताया गया कि उनके वाहन को बिना हेलमेट चलाते हुए कृषि मंडी मोड़ सिग्नल पर ट्रैफिक पुलिस के कैमरे में कैद किया गया है। कैमरे की फुटेज में वाहन पर दो अन्य व्यक्ति बैठे दिखाई दिए। फर्जी नंबर प्लेट से गंभीर अपराध की आशंका रिपोर्ट में बताया- 7 दिसंबर को उनका स्कूटर घर पर ही खड़ा था। उसे कहीं बाहर नहीं ले जाया गया था। इस घटना से यह साफ है कि कोई अज्ञात व्यक्ति फर्जी नंबर प्लेट लगाकर उपयोग कर रहा है। पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की पीड़िता ने शक जताया कि मेरे रजिस्टर्ड नंबर का इस्तेमाल किसी बड़ी दुर्घटना, अवैध गतिविधि या धोखाधड़ी करने में किया जा सकता है। इससे उन पर झूठे आरोप लग सकते हैं। इस पर सबसे पहले भगत की कोठी थाने में लिखित शिकायत दी, लेकिन पुलिस ने एफआईआर दर्ज नहीं की। इसके बाद जोधपुर पुलिस कमिश्नर को रजिस्टर्ड डाक के माध्यम से भी शिकायत भेजी, फिर भी कोई कार्रवाई नहीं हुई। आखिर में परिवादी ने कोर्ट में इस्तगासा पेश किया। आरोपी की तलाश में जुटी पुलिस कोर्ट के आदेश पर भगत की कोठी पुलिस ने धोखाधड़ी, फर्जी दस्तावेज (नंबर प्लेट) तैयार करने और उनका असली के रूप में उपयोग करने का मामला दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच एएसआई मुकेश कुमार को सौंपी गई है। पुलिस अब कृषि मंडी चौराहे के सीसीटीवी फुटेज और यातायात पुलिस से प्राप्त सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश कर रही है।