कोटा में तीन मंजिला मकान भरभराकर गिर गया। घटना गुमानपुरा थाना क्षेत्र के बल्लभबाड़ी स्थित घोसी मोहल्ला की है। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। मौके पर लोगों की भीड़ लग गई। सूचना पर पुलिस और प्रशासन की टीम में मौके पर पहुंची। बताया जा रहा है कि तीन मंजिला मकान जर्जर हालात में था। इसमें दरारें आ चुकी थीं। मकान मालिक ने करीब 7-8 दिन पहले ही इसे मरम्मत के लिए दिया गया था। घटना के समय अंदर 3-4 मजदूर और एक बच्चा मौजूद थे, जो फर्श और टूटी जगहों पर सपोर्ट लगाकर काम कर रहे थे। जैसे ही मकान झुकने लगा और गिरने की स्थिति बनी, आसपास के लोगों ने शोर मचाकर सभी को तुरंत बाहर निकलवा लिया। एडिशनल एसपी दिलीप सैनी ने बताया कि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई, लेकिन मकान मालिक का सामान मलबे में दब गया। साथ ही नीचे खड़ी बाइक, स्कूटी और ठेले भी दब गए हैं। आसपास के दो मकानों को भी नुकसान पहुंचा है। राहत और बचाव के लिए टीम मौके पर पहुंची है। मलबे को हटाया जा रहा है। देखें, गिरते मकान की लाइव तस्वीरें…. डीएसपी योगेश शर्मा ने बताया कि घटना मंगलवार शाम लगभग साढ़े 4 बजे की है। मकान में रिपेयरिंग का काम चल रहा था। अचानक से मकान ढह गया। फिलहाल जनहानि की सूचना नहीं है। फिर भी एहतियातन रेस्क्यू अभियान चलाया है। डॉग स्क्वॉड को भी मौके पर बुलाया है।