बठिंडा में जयपुर से आने वाली एक ट्रेन के डिब्बे में एक व्यक्ति का शव मिला है। सूचना मिलने पर सहारा जन सेवा की टीम और जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची। शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है और शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। समाजसेवी संस्था सहारा को प्लेटफार्म नंबर चार पर शव पड़े होने की सूचना मिली थी। जिसके बाद टीम के सदस्य संदीप गिल और गुल्ली ठाकुर मौके पर पहुंचे। टीम ने देखा कि जयपुर से आई रेलगाड़ी के एक डिब्बे में एक अज्ञात व्यक्ति का शव पड़ा था। सहारा टीम ने तुरंत थाना जीआरपी को सूचित किया, जिसके बाद जीआरपी पुलिस भी मौके पर पहुंची। सहारा टीम ने रेलगाड़ी के डिब्बे से शव को बाहर निकाला। मृतक के पास से ऐसा कोई दस्तावेज नहीं मिला जिससे उसकी पहचान हो सके। प्रारंभिक जांच में मृतक बेसहारा प्रतीत हो रहा था। पहचान के लिए मोर्चरी में रखवाया शव पुलिस कार्रवाई के बाद, सहारा टीम ने शव को अस्पताल की मोर्चरी में पहुंचाया। सहारा जन सेवा के अध्यक्ष गौतम गोयल ने बताया कि शव को सुरक्षित रख दिया गया है और उसकी शिनाख्त के लिए हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। थाना जीआरपी के अधिकारी एएसआई सुखविंदर सिंह ने बताया कि उन्हें भी संस्था की ओर से सूचना मिली थी। मौके पर जाकर जांच करने पर, पहली नजर में मृतक एक भिखारी प्रतीत होता है, जो संभवतः राजस्थान से ट्रेन में आ रहा था और यात्रा के दौरान उसकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि पुलिस मामले की विस्तृत जांच कर रही है और पहचान के लिए इश्तहार जारी किए गए हैं।