मोगा के समालसर क्षेत्र के गांव बंबीहा भाई में एक विवाहिता ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। इस मामले में पुलिस ने मृतका के पिता के बयानों के आधार पर एक व्यक्ति और उसकी पत्नी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतका की पहचान किरनजीत कौर पत्नी कुलविंदर सिंह के रूप में हुई है, जो एक बच्चे की मां थी। बताया जा रहा है कि उसका गांव के ही गुरजीत सिंह से कथित प्रेम संबंध था। गुरजीत सिंह भी शादीशुदा है और दो बच्चों का पिता है। पुलिस के अनुसार, गुरजीत सिंह की पत्नी परमजीत कौर इस संबंध का विरोध करती थी, जिसके कारण अक्सर विवाद होता रहता था। इसी तनाव के चलते किरनजीत कौर मानसिक रूप से परेशान चल रही थी। सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस की टीम इसी परेशानी के कारण किरनजीत कौर ने बीती शाम अपने घर में पंखे से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। सूचना मिलते ही थाना समालसर के प्रभारी एएसआई मंगल सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल मोगा भेज दिया। मृतका के पिता राम सिंह के बयानों पर पुलिस ने गुरजीत सिंह और उसकी पत्नी परमजीत कौर के खिलाफ बीएनएस की धारा 108 और 3(5) के तहत मुकदमा नंबर 55 दर्ज किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहनता से जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।