पंजाब के कैबिनेट मंत्री लाल चंद कटारूचक ने आज जिला प्रबंधकीय कॉम्प्लेक्स (मलिकपुर) में एक विशेष समीक्षा बैठक की। इस बैठक में उन्होंने मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत जिले में चल रही रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया और स्वास्थ्य विभाग की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। बैठक में पठानकोट के पैनल पर मौजूद निजी अस्पतालों के प्रतिनिधि भी शामिल हुए।
कैबिनेट मंत्री ने उन्हें सख्त लहजे में हिदायत दी। उन्होंने कहा कि अगर कोई मरीज मुख्यमंत्री स्वास्थ्य बीमा योजना के तहत इलाज के लिए आता है, तो उसे योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी जाए। अस्पताल प्रबंधन यह सुनिश्चित करे कि मरीज को पूरा सम्मान मिले और उसे बिना किसी बाधा के मुफ्त इलाज का लाभ मिले। अस्पताल प्रतिनिधियों ने भरोसा दिलाया कि वे सरकार की इस जनकल्याणकारी योजना को लागू करने में पूरा सहयोग करेंगे। जिले में कई स्थानों पर लगाए जा रहे कैंप
मंत्री लाल चंद कटारूचक ने स्पष्ट किया कि इस योजना का उद्देश्य हर परिवार को बेहतर और मुफ्त स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान करना है। इस योजना के तहत प्रत्येक परिवार को 10 लाख रुपये तक का वार्षिक स्वास्थ्य बीमा कवर दिया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि जिले में अलग-अलग स्थानों पर कैंप लगाए जा रहे हैं। मंत्री ने लोगों से अपील की कि वे इन कैंपों में पहुंचकर अपना पंजीकरण जरूर करवाएं। पुराने कार्ड धारकों के लिए केवाईसी अनिवार्य
मंत्री कटारूचक ने जानकारी दी कि जिन लाभार्थियों के पास पहले से आयुष्मान कार्ड बने हुए हैं, उन्हें भी इस नई योजना का लाभ सुचारू रूप से लेने के लिए अपनी केवाईसी करवानी अनिवार्य होगी। उन्होंने स्वास्थ्य अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्ड बनाने के काम में तेजी लाई जाए ताकि लोगों को परेशानी न हो।
