पंजाब के संगरूर में युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मां ने युवक की जहर देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा और मां की शिकायत पर पुलिस ने तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही ही। उसका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। घटना जिले के जिले के शेरपुर क्षेत्र की है। यहां का रहने वाला 17-18 वर्षीय युवक मनवीर सिंह एक अज्ञात व्यक्ति के साथ कहीं गया था। शाम को बेहोशी की हालत में उसके दोस्त उसे घर छोड़ने आए। उनका कहना था कि उसको दौरा पड़ा है। कुछ देर बाद उसकी मौत हो गई।मां गुरजीत कौर ने कुछ युवकों पर साजिश के तहत जहरीला पदार्थ देकर हत्या करने का आरोप लगाया है। अज्ञात व्यक्ति के साथ स्कूटर गया, आया तो बेहोश था शिकायतकर्ता गुरजीत कौर ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि उसका बेटा मनवीर सिंह अपने घर पर था। दोपहर के समय एक अज्ञात व्यक्ति उसे सफेद रंग की जूपिटर स्कूटी पर अपने साथ ले गया। शाम करीब 4 से 5 बजे के बीच युवराज सिंह (निवासी बड़ी रोड, शेरपुर) और इंद्रजीत सिंह उर्फ गोरा (निवासी खेड़ी कलां) मनवीर सिंह को उसी स्कूटी पर वापस घर लेकर आए। उस समय बेहोश और गंभीर हालत में था। आरोपी बोले- मानवीर को दौड़ा पड़ा उन्होंने परिजनों को बताया कि मनवीर सिंह को दौरा पड़ा है। आरोप है कि दोनों युवक मनवीर को बेहोशी की हालत में घर छोड़कर स्कूटी पर फरार हो गए। परिजनों ने तुरंत मनवीर सिंह को सिविल अस्पताल शेरपुर पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की मां ने आरोप लगाया कि युवराज सिंह, इंद्रजीत सिंह और एक अज्ञात व्यक्ति ने मनवीर सिंह को कोई जहरीला पदार्थ दिया, जिससे उसकी मौत हुई। पैसों को लेकर चल रहा था विवाद शिकायतकर्ता ने यह भी शक जताया कि परिवार का यादविंदर सिंह उर्फ माही (निवासी खेड़ी चहलां) के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था। किसान यूनियन की मध्यस्थता से करीब 16 लाख 50 हजार रुपये का फैसला हुआ था, जिसमें से 8 लाख 50 हजार रुपये 25 अप्रैल 2026 को देने थे। आरोप है कि इसी विवाद को लेकर परिवार को लगातार धमकियां भी मिल रही थीं। पुलिस बोली- हर पहलू की जांच पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए गहन जांच शुरू कर दी है। जांच के दौरान आरोपी युवराज सिंह और इंद्रजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया। अज्ञात व्यक्ति की तलाश के दौरान सुखवीर सिंह (निवासी गोबिंदपुरा) को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट व अन्य सबूतों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।