अबोहर के हनुमानगढ़ रोड ओवरब्रिज के पास देर रात एक अज्ञात युवक की ट्रेन की चपेट में आने से मौत हो गई। शव को सिविल अस्पताल की मोर्चरी में लाया गया, लेकिन सरकारी फ्रीजर उपलब्ध न होने के कारण उसे फाजिल्का के सिविल अस्पताल रेफर कर दिया गया। जीआरपी अधिकारी अजीत सिंह ने बताया कि उन्हें देर रात करीब 11 बजे स्टेशन मास्टर सुशील कुमार से सूचना मिली थी। सुशील कुमार को ट्रेन चालक ने बताया था कि हनुमानगढ़ पुल के पास एक व्यक्ति ट्रेन की चपेट में आ गया है। सूचना मिलने पर अजीत सिंह अपनी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने नर सेवा नारायण सेवा समिति को सूचित किया, जिसके बाद बिट्टू नरूला और सोनू ग्रोवर की मदद से शव को अस्पताल की मोर्चरी में लाया गया। हालांकि, मोर्चरी में पहले से चार शव होने के कारण फ्रीजर उपलब्ध नहीं था, जिसके चलते शव को फाजिल्का के अस्पताल भेजा गया। पुलिस अधिकारी के अनुसार, मृतक ने गुलाबी रंग की शर्ट और महरून रंग का पजामा पहन रखा है। उसके चेहरे पर दाढ़ी भी है। अभी तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है, जिसके लिए आसपास के सभी थानों को सूचित कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मृतक की पहचान होने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि यह हादसा था या आत्महत्या।