सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- हमने पदोन्नति और वेतनमान से जुड़े विषयों के अध्ययन के लिए उच्चस्तरीय समिति गठन का निर्णय लिया है, जो भविष्य में 8वें वेतन आयोग की सिफारिश पर भी विचार करेगी। युवाओं से चार लाख नौकरी देने का वादा किया था, वो पूरा होगा। इसमें से सवा लाख नौकरियां दे दी, सवा लाख का कैलेंडर जारी कर दिया है। साथ ही 1.35 लाख भर्तियां प्रक्रियाधीन हैं। युवाओं से कहना चाहूंगा कि आप मेहनत करिए और पढ़िए, आपको कोई परेशानी नहीं आएगी। मुख्यमंत्री भजनलाल ने ये बातें गुरुवार को सचिवालय कर्मचारी संघ के शपथ ग्रहण समारोह में कही। शपथ लेते ही SIT बनाई, 400 लोग जेल में सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- युवाओं ने दो साल पहले जिस तरह का दंश झेला था, इससे युवा परेशान था। आए दिन पेपरलीक होते थे। हमने 15 दिसंबर 2023 को शपथ लेते ही SIT बनाई और आज 400 से ज्यादा लोग जेल की सलाखों में है। दो साल में एक भी पेपरलीक नहीं हुआ। राजस्थान को नंबर वन प्रदेश बनाना है सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- राजस्थान को नंबर वन प्रदेश बनाना है। राजस्थान देश में पहले नंबर का राज्य बने। इसके लिए हम काम कर रहे हैं। युवाओं से बहुत आशा और उम्मीद है, उसी आशा और उम्मीद पर हम सबको आगे बढ़ाना। उन्होंने कहा- सचिवालय ऐसा स्थान है, जहां से लोगों की उम्मीद रहती है। हो सकता है, आपको ज्यादा काम करना पड़े। हो सकता है- आपको जल्दी काम करना पड़ता हो। पहले जिस काम में ज्यादा वक्त लगता था, अब उसमें कमी आई है। हमारी जीरो टॉलरेंस की नीति के कारण कानून और व्यवस्था की स्थिति सुधरी है। सवा दो साल में प्रदेश में अपराधों में कमी आई है। हम सबको मिलकर काम करना है और राजस्थान को विकसित राजस्थान बनाना है। सचिवालय में सहायक सचिव के 15 नए पद और बनेंगे सीएम ने सचिवालय में सहायक सचिव स्तर के 15 पद और बढ़ाने की घोषणा की है। सीएम ने कहा- सचिवालय में सहायक सचिव स्तर के 15 नए पद बनाए थे। अब अब 15 और पद सृजित किए जाएंगे। पदोन्नति के लिए दो साल की छूट देने का प्रावधान लागू करने के लिए मुख्य सचिव आवश्यकता निर्धारित कर जल्द अवगत कराएंगे। राज्य की प्रशासनिक व्यवस्था में मूलभूत बदलाव की आवश्यकता है। पहले अधिकारों पर जोर दिया जाता था, अब वह कर्तव्य निष्ठा पर केंद्रित है। ग्रेच्युटी 25 लाख की, पेंशनर्स को घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र देने की सुविधा सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- कर्मचारियों को पदोन्नति के पर्याप्त अवसर उपलब्ध करवाने के लिए 2026-27 में निर्धारित अनुभव में 2 साल की छूट दी है, जिससे पदोन्नति हो सके। केंद्र के अनुरूप राज्य ने भी ग्रेच्युटी 20 से बढ़कर 25 लाख कर दी है। पेंशन की 17 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर 5% अतिरिक्त पेंशन भत्ता देने का प्रावधान किया है। प्रदेश के 5 लाख से ज्यादा पेंशनर्स को घर बैठे जीवन प्रमाण पत्र की सुविधा शुरू की है। सीएम भजनलाल शर्मा ने कहा- कर्मचारियों की मृत्यु होने पर 10 साल तक बढ़ी हुई पारिवारिक पेंशन देने का प्रावधान किया है। बजट 2026 27 में कर्मचारियों और पेंशनर्स के हित में कई दूरगामी प्रावधान किए हैं।
