खैरथल पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए मुण्डावर थाना क्षेत्र के डकैती प्रकरण में फरार चल रहे 5 हजार रुपए के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया है। आरोपी के कब्जे से एक अवैध रिवॉल्वर भी बरामद की गई है। ये कार्रवाई जयपुर रेंज के महानिरीक्षक राहुल प्रकाश और खैरथल-तिजारा एसपी बृजेश उपाध्याय के निर्देशन में हुई। एएसपी जयासिंह और किशनगढ़बास डीएसपी लालसिंह के पर्यवेक्षण में खैरथल थाना प्रभारी रामकिशन के नेतृत्व में टीम ने इस अभियान को अंजाम दिया। पुलिस के अनुसार, 8 अप्रैल 2026 को एएसआई कृष्ण कुमार अपनी टीम के साथ गश्त पर थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि एक युवक सरकारी कॉलेज खैरथल से दांतला जाने वाले रास्ते पर अवैध रिवॉल्वर लेकर घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आरोपी सोनू (19) पुत्र कैलाश, निवासी हुसैनपुर को पकड़ लिया। तलाशी लेने पर उसके पास से अवैध रिवॉल्वर बरामद हुई। जांच में खुलासा हुआ कि गिरफ्तार आरोपी सोनू मुण्डावर थाना के डकैती प्रकरण में वांछित था और उस पर 5 हजार रुपए का इनाम घोषित था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी रामकिशन के साथ एएसआई कृष्ण कुमार, कॉन्स्टेबल राजेश कुमार, कॉन्स्टेबल हरकेश और कॉन्स्टेबल वीरेंद्र सिंह शामिल थे।
