फरीदकोट की केंद्रीय मॉडर्न जेल में तलाशी के दौरान 5 टच स्क्रीन मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं। इस मामले में जेल प्रशासन की शिकायत के बाद थाना सिटी पुलिस ने 5 हवालातियों के खिलाफ जेल एक्ट के तहत मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस को भेजी शिकायत में जेल के सहायक अधीक्षक गुरमेल सिंह ने बताया कि जेल अधीक्षक के दिशा-निर्देशों पर जेल टीम द्वारा समय-समय पर विभिन्न बैरकों का औचक निरीक्षण किया जाता है। इसी के तहत रविवार रात अलग-अलग बैरकों की तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान हवालातियों से फोन बरामद तलाशी के दौरान बैरकों में बंद हवालाती फिरोजपुर निवासी कुलवंत सिंह, फाजिल्का के बल्लुआना निवासी राजवीर सिंह, फिरोजपुर निवासी जरनैल सिंह, फाजिल्का निवासी सुखविंदर सिंह और राजस्थान के श्रीगंगानगर निवासी सुखविंदर सिंह उर्फ सोनू के पास से एक-एक टच स्क्रीन मोबाइल फोन बरामद किया गया। जेल एक्ट के तहत केस दर्ज इस शिकायत पर थाना सिटी पुलिस ने 5 हवालातियों के खिलाफ जेल एक्ट के तहत केस दर्ज कर लिया है। इस संबंध में डीएसपी तरलोचन सिंह ने बताया कि इस मामले में अब नामजद हवालातियों को प्रोडक्शन वारंट पर लाकर पूछताछ की जाएगी, ताकि यह पता लगाया जा सके कि जेल के अंदर मोबाइल फोन कैसे पहुंचे। उन्होंने कहा कि यदि जांच में किसी जेल अधिकारी या कर्मचारी की संलिप्तता सामने आती है, तो उसके खिलाफ भी कार्रवाई की जाएगी।
