उदयपुर में ट्रैक्टर-ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। परिजनों ने युवक का अंतिम संस्कार करने से इनकार कर दिया। पोस्टमॉर्टम के बाद एंबुलेंस में शव रखकर करीब 300 लोग ट्रैक्टर मालिक के घर ले जाने लगे। पुलिस ने रोका तो ग्रामीण नाराज हो गए और सड़क पर बैठकर नारेबाजी करने लगे। पुलिस कर्मियों ने महिलाओं को जाने के लिए कहा तो एक महिला ने कहा- मैं जान से मार दूंगी। हमें न्याय चाहिए। तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मौके पर 4 थानों की पुलिस तैनात है। पुलिस परिजनों और ग्रामीणों को समझाने में जुटी है। ग्रामीण मृत युवक के परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग पर अड़े हैं। हादसा शुक्रवार रात वल्लभनगर थाना क्षेत्र के नवानिया रोड पर हुआ था। ट्रैक्टर ट्रॉली की टक्कर से बाइक सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों को हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां इलाज के दौरान नवानिया निवासी रूद्र नागदा (20) पुत्र अमरा नागदा की मौत हो गई। अब देखिए, प्रदर्शन से जुड़ी PHOTOS… हैदाराबाद नौकरी करने जा रहे थे दो दोस्त एएसआई रमेश जाट ने बताया- नवानिया निवासी तीन दोस्त रूद्र नागदा (20) पुत्र अमरा नागदा, तरुण सुथार (23) पुत्र किशनलाल सुथार और शिवलाल गुर्जर (30) पुत्र पन्नालाल गुर्जर एक बाइक से जा रहे थे। इसी दौरान बाइक सामने से आ रही ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई गई। तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। इलाज के दौरान नवानिया निवासी रूद्र नागदा ने दम तोड़ दिया। वहीं, तरुण सुथार और शिवलाल गुर्जर का उदयपुर के निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। परिजनों ने बताया कि 2 युवक बाहर नौकरी के लिए जा रहे थे, जबकि एक उन्हें छोड़ने जा रहा था। रूद्र नागदा हैदराबाद की टायर कंपनी में काम करता था। ट्रैक्टर मालिक के घर ले जाने लगे शव एएसआई रमेश जाट ने बताया कि शनिवार को परिजनों की रिपोर्ट पर वल्लभनगर सेटेलाइट अस्पताल में शव का पोस्टमॉर्टम करवाया गया। इसके बाद परिजन अंतिम संस्कार करने के लिए गांव रवाना हुए। रास्ते में ग्रामीण उग्र हो गए। वे शव को ट्रैक्टर मालिक के घर ले जाने पर अड़ गए। पुलिस ने एंबुलेंस को रोक दिया। ग्रामीण मृतक के परिवार को 50 लाख रुपए मुआवजा देने की मांग कर रहे हैं। तनाव को देखते हुए वल्लभनगर, खेरोदा, मावली, फतेहनगर, और भींडर थाने का जाब्ता तैनात किया गया। परिजनों से समझाइश जारी, स्थिति नियंत्रण में वल्लभनगर थाने के एएसआई रमेश जाट ने बताया- परिजनों से समझाइश की जा रही है। उनकी मांगों के बारे में उच्च अधिकारियों को बताया गया है। मौके पर स्थिति नियंत्रण में है। सहमति बन जाती है तो पुलिस की मौजूदगी में ही अंतिम संस्कार करवाया जाएगा। ग्रामीणों ने वल्लभनगर थाने पहुंचकर ट्रैक्टर मालिक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करवाई है। ट्रैक्टर ड्राइवर को अब तक पकड़ा नहीं गया है। ट्रैक्टर और बाइक को वल्लभनगर पुलिस ने जब्त कर लिया है। इनपुट – रमेश डांगी, वल्लभनगर।