टोंक में शादी समारोह से लौट रहे 2 बाइक सवार दोस्तों को एक तेज रफ्तार स्विफ्ट कार ने टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों दोस्तों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा गुरुवार देर रात अलीगढ़ थाना क्षेत्र का है। टोंक-सवाई माधोपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-552 पर चापोला बालाजी और ग्लोबल आईटीआई के बीच यह हादसा हुआ। एक तेज रफ्तार सफेद स्विफ्ट कार ने बाइक सवार दोस्तों के टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहन बुरी तरह डैमेज हो गए। हादसे में बाइक सवार माधोपुर जिले के चौथ का बरवाड़ा थाना क्षेत्र के कुम्हारिया निवासी ओमप्रकाश गुर्जर (22) पुत्र बालू गुर्जर और इसके पीछे बैठे देशराज गुर्जर (27) पुत्र प्रहलाद गुर्जर की मौके पर ही मौत हो गई। परिजनों को सौंपे शव दोनों के शवों को अलीगढ़ अस्पताल की मॉर्च्युरी में रखवाया। शुक्रवार सुबह परिजनों को सूचना देकर पंचनामा की कार्रवाई कर मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम करवाकर शवों को परिजनों को सौंप दिए गए। घटना के बाद कार सवार कार को घटनास्थल पर छोड़कर फरार हो गए। उधर आज पोस्टमॉर्टम के बाद शव जैसे ही गांव पहुंचे तो दोनों के घरों में कोहराम मच गया। दोपहर को गमगीन माहौल में अंतिम संस्कार किया गया।