चूरू जिले के रतनगढ़ में एक व्यक्ति ने अपने घर में घुसकर तोड़फोड़ और 50 हजार रुपए का नुकसान करने का आरोप लगाते हुए कोर्ट के माध्यम से मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने कोर्ट के परिवाद पर एक दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। भरतियों की ढाणी निवासी तुलसीराम कटेवा ने अपने परिवाद में बताया कि 23 फरवरी की दोपहर मोमासर निवासी प्रहलाद जाट, सहीराम जाट, हरिराम जाट, गीता, कमला, परमेश्वरी देवी, रणजीत, रतनगढ़ निवासी राजकुमार जाट, रामलाल खारिया, श्रवण, राधा, मुकेश जाट और दो अन्य लोग उनके घर में घुस गए। आरोप है कि ये लोग हाथों में हथौड़ी और दांतियां लेकर आए थे और गाली-गलौज करते हुए जबरन घर में घुस गए। जब उन्हें रोका गया, तो उन्होंने तुलसीराम पर हाथ उठाने का प्रयास किया और धमकी दी कि वे दीवार बनाकर उनका रास्ता रोक देंगे। उन्होंने यह भी कहा कि अगर उन्हें रोका गया तो वे उसे जान से मार देंगे। परिवाद के अनुसार आरोपियों ने तुलसीराम के घर का गेट तोड़ दिया। उन्होंने जेठाराम, सुभाष और जितेंद्र के साथ होने का भी दावा किया। तुलसीराम ने यह भी आरोप लगाया है कि इन लोगों ने पहले भी दो-तीन बार उसे जान से मारने की कोशिश की थी। पुलिस ने कोर्ट से मिले परिवाद के आधार पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है और आगे की जांच जारी है।