बाड़मेर जिले के एक प्राइवेट स्कूल में टीचर ने मैथ की कॉपी नहीं लाने पर चौथी क्लास के स्टूडेंट को डंडे से बुरी तरह पीटा। जिससे बच्चा बेहाश हो गया। यह देख स्कूल स्टाफ घबरा गया। एक टीचर ने स्टूडेंट के परिजनों को सूचना दी। परिजन स्कूल पहुंचे और बच्चे को हॉस्पिटल में भर्ती करवाया। मामला चौहटन के टीपीएस पब्लिक स्कूल का गुरुवार सुबह 10 बजे का है। डॉ. रतनाराम चौधरी ने बताया – हॉस्पिटल में बच्चे को करीब 10.30 बजे लाया गया था। तुरंत इलाज के बाद हालत में सुधार आ गया था। करीब आधे घंटे तक ओपीडी में निगरानी में रखा गया। मारपीट से नीले निशान (नील) पाए गए। मामले की सूचना पुलिस को दे दी गई थी। वहीं स्कूल संचालक का कहना है कि मामले में टीचर की गलती होगी तो उसे स्कूल से निकाल देंगे।
कॉपी भूलने पर टीचर ने डंडे से पीटा बच्चे के पिता ने बताया – मेरा 8 साल का बेटा प्राइवेट टीपीएस पब्लिक स्कूल में चौथी क्लास में पढ़ता है। गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे बस से स्कूल गया था। करीब 10 बजे क्लास में गणित के टीचर गणपत ने कॉपी मांगी। बच्चे ने बताया कि वह गणित की कॉपी घर पर भूल गया है। कल लेकर आएगा। इस पर टीचर ने डंडे से उसकी पिटाई कर दी। जिससे उसे चक्कर आने लगे और बच्चा अचेत हो गया। इसके बाद स्कूल के अन्य टीचर जसवंत ने हमें फोन करके तबीयत बिगड़ने की सूचना दी। सूचना मिलने पर हम स्कूल पहुंचे तो बेटे की तबीयत खराब थी। पूछने पर उसने बताया कि गणित की कॉपी घर पर छूटने पर शिक्षक ने डंडे से पीटा। इसके बाद हम उसे चौहटन हॉस्पिटल लेकर पहुंचे, जहां उसका इलाज कराया गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने बच्चे का का बयान लिया। स्कूल संचालक जगदीश विश्नोई ने बताया- बच्चे ने होमवर्क नहीं किया था, जिस पर टीचर ने उसे डंडे से मारा। मैं फिलहाल बाहर हूं। वापस लौटने पर पूरे मामले की जांच करेंगे और यदि टीचर की गलती पाई गई तो उसे स्कूल से हटा दिया जाएगा।