एशिया के सबसे प्रतिष्ठित और ऐतिहासिक सिनेमा हॉलों में शुमार राजमंदिर सिनेमा की 50वीं वर्षगांठ को लेकर जयपुरवासियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है। एक जून को स्वर्ण जयंती समारोह के तहत आयोजित किए जा रहे पांच निशुल्क फिल्म शो के सभी टिकट महज दो दिनों में हाउसफुल हो गए। लोगों की भारी मांग और उत्साह को देखते हुए राजमंदिर प्रशासन ने एक बार फिर पूरे दिन सभी शो निशुल्क चलाने का निर्णय लिया है। इसकी तारीख जल्द घोषित की जाएगी। राजमंदिर सिनेमा को एक जून 2026 को 50 वर्ष पूरे हो रहे हैं। इस ऐतिहासिक अवसर को यादगार बनाने के लिए सिनेमाघर प्रबंधन की ओर से पांच क्लासिक फिल्मों के विशेष शो आयोजित किए जा रहे हैं। इन शो के लिए टिकट पूरी तरह निशुल्क रखे गए थे, जिन्हें दर्शक बुक माय शो और राजमंदिर के बॉक्स ऑफिस से दिया गया। राजमंदिर के इंचार्ज अंकुर खंडेलवाल ने बताया कि फ्री शो की घोषणा के बाद लोगों का उत्साह उम्मीद से कहीं अधिक रहा। शहर के विभिन्न इलाकों से बड़ी संख्या में लोग टिकट लेने के लिए पहुंचे। दो दिन के भीतर सभी पांचों शो के टिकट बुक हो गए और हाउसफुल की स्थिति बन गई। उन्होंने बताया कि कई ऐसे सिनेमा प्रेमी भी रहे जिन्हें टिकट नहीं मिल पाए। लगातार मिल रही मांग और लोगों के उत्साह को देखते हुए राजमंदिर प्रशासन ने निर्णय लिया है कि जल्द ही एक और दिन सभी शो निशुल्क चलाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक लोग इस ऐतिहासिक अवसर का हिस्सा बन सकें। अंकुर खंडेलवाल ने कहा कि राजमंदिर को पिछले पांच दशकों से जयपुरवासियों और देश-विदेश से आने वाले सिनेमा प्रेमियों का भरपूर प्यार मिला है। 50वीं वर्षगांठ पर यह फ्री शो उसी प्यार के प्रति आभार व्यक्त करने का एक छोटा सा प्रयास है। गौरतलब है कि एक जून को आयोजित होने वाले विशेष समारोह में ‘हम आपके हैं कौन’, ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’, ‘राम तेरी गंगा मैली’, ‘जिंदगी ना मिलेगी दोबारा’ और ‘चुपके चुपके’ जैसी लोकप्रिय फिल्मों का प्रदर्शन किया जाएगा। इन फिल्मों का चयन परिवार के साथ देखने योग्य और राजमंदिर के इतिहास से जुड़ी यादों को ताजा करने के उद्देश्य से किया गया है।