राजसमंद शहर के कांकरोली थाना क्षेत्र में वर्ष 2023 में हुए चर्चित रूपम गोल्ड ज्वेलर्स लूट मामले में पुलिस ने पांचवें आरोपी को बिहार के हाजीपुर से गिरफ्तार किया है। आरोपी को शुक्रवार को एसीजेएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे शिनाख्त पूरी होने तक न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश दिए गए। कांकरोली थाना प्रभारी सरोज बैरवा के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लगातार तीसरे आरोपी को पकड़ा। हालांकि इससे पहले भी इस मामले में दो आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। ऐसे में अब तक कुल पांच आरोपियों की गिरफ्तारी हो चुकी है। ज्वेलरी देखने के बहाने घुसे थे, फिर की थी लूट पुलिस के अनुसार- 23 अगस्त 2023 को बदमाश ज्वेलरी देखने के बहाने रूपम गोल्ड ज्वेलर्स की दुकान में घुसे थे। इसके बाद पिस्टल दिखाकर करीब डेढ़ किलो सोना, डेढ़ किलो चांदी और 18 लाख रुपए नकद लूटकर फरार हो गए थे। सुबह हुई इस वारदात से शहर सहित आसपास के सर्राफा व्यापारियों में दहशत फैल गई थी। पुलिस ने फरवरी में मामले के मास्टरमाइंड सुबोध सिंह को उड़ीसा जेल से प्रोडक्शन वारंट पर गिरफ्तार किया था। इसके बाद 19 मई को सौरभ तिवारी को बिहार के आरा जेल से गिरफ्तार किया गया। वहीं तीसरे आरोपी आशीष गुप्ता को हाजीपुर से दस्तयाब कर 28 मई को गिरफ्तार किया।
