हनुमानगढ़ में यातायात पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया। सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के उद्देश्य से चलाए गए इस अभियान के दौरान 26 वाहन ड्राइवर नशे की हालत में वाहन चलाते हुए पकड़े गए। पुलिस ने सभी ड्राइवरों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए उनके वाहनों को जब्त कर सीज कर दिया। यह अभियान शहर के प्रमुख मार्गों, व्यस्त चौराहों और संवेदनशील स्थानों पर चलाया गया। पुलिस ने नाकाबंदी कर दोपहिया, तिपहिया और चौपहिया वाहनों की सघन जांच की। इस दौरान ड्राइवरों की जांच के लिए ब्रेथ एनालाइजर मशीन का उपयोग किया गया। जांच में कई चालक शराब के नशे में वाहन चलाते हुए मिले। यातायात पुलिस ने इन सभी वाहन चालकों के खिलाफ मोटर व्हीकल अधिनियम की धारा 185 के तहत कार्रवाई की। अभियान में कुल 26 वाहन जब्त कर सीज किए गए। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि शराब पीकर वाहन चलाना सड़क दुर्घटनाओं का एक बड़ा कारण है, और इसके खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। यातायात शाखा प्रभारी अनिल चिन्दा ने इस संबंध में जानकारी देते हुए कहा कि नशे की हालत में वाहन चलाना न केवल कानून का उल्लंघन है, बल्कि यह चालक, उसके परिवार और सड़क पर मौजूद अन्य लोगों के जीवन को भी खतरे में डालता है। उन्होंने बताया कि कई गंभीर सड़क हादसों का मुख्य कारण शराब पीकर वाहन चलाने की लापरवाही होती है। चिन्दा ने आमजन से अपील की कि वाहन चलाते समय सभी यातायात नियमों का अनिवार्य रूप से पालन करें। दोपहिया वाहन चालक हेलमेट और चारपहिया वाहन चालक सीट बेल्ट का उपयोग करें। उन्होंने विशेष रूप से आग्रह किया कि किसी भी परिस्थिति में शराब का सेवन करने के बाद वाहन न चलाएं। इस अभियान में एएसआई रामदयाल, एएसआई भंवर सिंह, हेड कांस्टेबल गुरतेज सिंह, वासुदेव सहित यातायात शाखा के अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ऐसे विशेष अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे।
