डूंगरपुर की धंबोला थाना पुलिस ने 37 साल से फरार चल रहे एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। यह आरोपी जिला पुलिस की टॉप-10 वांछित अपराधियों की सूची में शामिल था और उसकी गिरफ्तारी पर 1 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया था। आरोपी लूट और हत्या के प्रयास के मामले में वांछित था। धंबोला थाना अधिकारी देवेंद्र देवल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी भूरा उर्फ भूरका पुत्र पुना डामोर मीणा (76) निवासी पलासडोर, थाना काकनवाणी, जिला झाबुआ (मध्यप्रदेश) है। आरोपी वर्ष 1989 के एक मामले में डूंगरपुर जिला एवं सेशन न्यायालय द्वारा जारी स्थायी वारंट में वांछित था। उस पर लूट और हत्या के प्रयास सहित गंभीर धाराओं में मामला दर्ज है। लंबे समय से फरार अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत भूरा उर्फ भूरका को पकड़ने के लिए एक विशेष टीम गठित की गई थी। डूंगरपुर पुलिस अधीक्षक ने उसकी गिरफ्तारी पर एक हजार रुपए का इनाम घोषित किया था। पुलिस मुखबिर तंत्र के माध्यम से उसकी पड़ताल कर रही थी। सूचना मिलने पर पुलिस सादे कपड़ों में मौके पर पहुंची और आरोपी को मध्यप्रदेश के झाबुआ जिले से गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, जब टीम आरोपी के घर पहुंची तो उसने पुलिस को देखकर घबराकर गलत नाम और पता बताया। हालांकि, सटीक मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने उसकी पहचान कर उसे हिरासत में ले लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया। जिले में लंबे समय से फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार विशेष अभियान चलाया जा रहा है।