सीकर में पेट्रोल पंप संचालक ने उधार लिए रुपए वापस देने के नाम पर धोखाधड़ी की। पेट्रोल पंप संचालक ने अकाउंट में फ्रॉड के रुपए ट्रांसफर कर दिए गए, जिसके चलते पीड़ित के अकाउंट पर होल्ड लग गया। अब उद्योग नगर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। सीकर के कुड़ली गांव निवासी सागरमल ओला ने उद्योग नगर पुलिस थाने में रिपोर्ट दी। रिपोर्ट के मुताबिक, सागरमल वर्तमान में जलदाय विभाग में सहायक अभियंता(असिस्टेंट इंजीनियर) के पद पर कार्यरत है। उनका भतीजा रजनीश LIC में सहायक प्रशासनिक अधिकारी(Assistant Administrative Officer) के पद पर कार्यरत है। उसके गांव के ही रहने वाले अविनाश ओला ने सीकर के जयपुर-झुंझुनूं बायपास रोड पर एसके इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के नाम से पंप खोल रखा है। अकाउंट डिटेल लेकर फ्रॉड के पैसे किए ट्रांसफर वहां पर सागरमल कई बार पेट्रोल डलवाने के लिए जाते हैं। ऐसे में उनकी अविनाश से जान पहचान हो गई। 5 अप्रैल 2026 को जब सागरमल पेट्रोल पंप पर गए तो वहां पर अविनाश ने कहा कि उसे अभी एक लाख रुपए की जरूरत है, जो कल वापस लौटा देगा। ऐसे में उन्होंने अविनाश के छोटे भाई अनुराग के अकाउंट में कार्ड स्वैप करके रुपए ट्रांसफर कर दिए। जब सागरमल ने रुपए वापस मांगे तो अविनाश ने कहा कि आप अपनी अकाउंट डिटेल भेज दो मैं उसमें रुपए ट्रांसफर कर दूंगा। ऐसे में सागरमल ने अपने भतीजे रजनीश के अकाउंट नंबर भेज दिए। इस पर 6 अप्रैल को अविनाश ने साइबर फ्रॉड के 1 लाख रुपए ट्रांसफर करवा दिए। जिसकी वजह से रजनीश का बैंक अकाउंट होल्ड हो गया। जब इस बारे में सागरमल ने अविनाश, अविनाश के भाई अनुराग और अविनाश के पिता सुरेश ओला से बात की तो वह कोई भी उचित जवाब नहीं दे पाए। अरुणाचल प्रदेश, महाराष्ट्रऔर हरियाणा से लगी होल्ड सागरमल ने पुलिस में दी शिकायत में बताया कि उनके भतीजे के अकाउंट पर होल्ड अरुणाचल प्रदेश, महाराष्ट्र के पुणे और हरियाणा के फरीदाबाद से लगी। फिलहाल उद्योग नगर थाना पुलिस ने अब सागरमल की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज करके जांच शुरू कर दिया है।