जंतर-मंतर पर जेन-जी के प्रदर्शन और केंद्रीय मंत्री धर्मेन्द्र प्रधान के इस्तीफे से बैकफुट पर आई बीजेपी अब इस शब्द से परहेज करते नजर आ रही है। जयपुर में संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने कहा- हमें जेन-जी शब्द का इस्तेमाल नहीं करना है। हमें हमारी संस्कृति के अनुसार युवाओं को युवा शक्ति कहकर ही संबोधित करना है। प्रदेश बीजेपी कार्यालय में निकाय चुनाव को लेकर मंगलवार को आयोजित जयपुर संभाग की बैठक में संगठन महामंत्री अजेय कुमार ने यह कहा। नेता और पदाधिकारियों से महामंत्री अजेय कुमार निकाय चुनाव को लेकर सुझाव मांग रहे थे। तभी किसी ने कहा- हमें जेन-जी को भी साधना पड़ेगा। इस पर अजेय कुमार ने कहा- यह क्या होता है। इसके बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं को नसीहत दी। बैठक में मौजूद यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा के सामने ही पदाधिकारियों ने नाराजगी जताई। पदाधिकारियों ने कहा कि मंत्री हमारी सुनवाई नहीं कर रहे। यूडीएच मंत्री की कार्यर्शली पर जताई नाराजगी बैठक में अलवर उत्तर जिलाध्यक्ष महासिंह चौधरी ने यूडीएच मंत्री की कार्यशैली को लेकर नाराजगी जताई। उन्होंने कहा- मैंने निकाय में पोस्टेड एक ईओ को हटाने के लिए कहा था, लेकिन हमारी सुनवाई नहीं हुई। बैठक में जयपुर संभाग में आने वाले जिलों के प्रभारी मंत्री, विधायक, विधानसभा प्रत्याशी, जिलाध्यक्ष, पूर्व जिलाध्यक्ष, बीजेपी पदाधिकारी शामिल रहे। कांग्रेस मानसिकता वाले अफसर हटाए जाएं वहीं बैठक में पिलानी से बीजेपी प्रत्याशी रहे राजेश दहिया ने भी यूडीएच विभाग की कार्यशाली को लेकर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा- निकाय चुनाव में जाने से पहले सरकार को निकायों में खाली पड़े ईओ, आरओ, एईएन, जेईएन और अन्य पदों को भरना चाहिए। साथ ही उन्होंने कहा- सरकार के ढाई साल बाद भी कांग्रेस विचारधारा के लोग प्रमुख पदों पर काम कर रहे हैं। ऐसे में सीधे जनता के काम नहीं हो पा रहे हैं। इससे जनता में सरकार की छवि खराब हो रही है, इसलिए निकाय चुनाव से पहले ऐसे अधिकारियों को हटाया जाना चाहिए। लाइट-सफाई के काम तुंरत करवाएं बैठक में नेताओं ने सुझाव दिए कि जितना जल्दी हो, उतना जल्दी वार्डों में साफ-सफाई, लाइट और सड़कों के काम होने चाहिए। मूलभूत सुविधाओं को तुरंत सही किया जाना चाहिए। इस पर यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने तुंरत अधिकारियों को बैठक से ही व्यवस्थाएं दुरस्त करने के निर्देश दिए। मंत्री बोले- हमारे काम देख वोट करेगी जनता बैठक के बाद यूडीएच मंत्री झाबर सिंह खर्रा ने कहा- वैसे तो हम 24 घंटे रणनीति में ही रहते हैं, लेकिन चुनाव को लेकर किस तरह से काम करना है। किस प्रकार से उम्मीदवारों का चयन करना है। इसे लेकर विस्तृत चर्चा की गई। आने वाले समय में जिला स्तर और निकाय स्तर पर बैठकें करके इस विषय पर कार्यक्रम तय होंगे। उन्होंने कहा- हम सरकार के 31 महीनों के कामों को लेकर जनता के बीच जाएंगे। हमारे पक्ष में जनादेश की मांग करेंगे। हमें विश्वास है कि प्रदेश की जनता राज्य सरकार के 31 महीनों और केंद्र सरकार के 12 सालों के जनकल्याणकारी कामों और योजनाओं को ध्यान रखते हुए हमारे पक्ष में मतदान करेगी।
