राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC), अजमेर द्वारा आयोजित वरिष्ठ अध्यापक भर्ती परीक्षा सिरोही जिले में शांतिपूर्ण, सुव्यवस्थित और सफलतापूर्वक संपन्न हुई। परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बैठने की व्यवस्था, मार्गदर्शन सहित सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगजन और विशेष आवश्यकता वाले अभ्यर्थियों के लिए विशेष इंतजाम किए गए, जिनकी परीक्षार्थियों ने खुले मन से सराहना करते हुए जिला प्रशासन और स्कूल प्रबंधन का आभार जताया। बेहतर व्यवस्थाओं से अभ्यर्थियों को मिली राहत परीक्षार्थी अनोप सिंह और महिमा कुंवर ने बताया कि सभी परीक्षा केंद्रों पर पेयजल, बैठने की समुचित व्यवस्था, स्पष्ट मार्गदर्शन और अन्य आवश्यक सुविधाएं बेहतर ढंग से उपलब्ध थीं। इससे अभ्यर्थियों को परीक्षा देने में किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ा। सहयोगपूर्ण रहा अधिकारियों और वीक्षकों का व्यवहार अभ्यर्थियों ने बताया कि वीक्षकों, सुपरवाइजरों और प्रशासनिक अधिकारियों का व्यवहार सहयोगपूर्ण और विनम्र रहा। परीक्षा प्रक्रिया के दौरान सभी कार्मिकों ने आवश्यक मार्गदर्शन और सहायता उपलब्ध कराई, जिससे परीक्षार्थियों को सहज माहौल मिला। दिव्यांग और गर्भवती अभ्यर्थियों के लिए विशेष इंतजाम फील्ड सुपरवाइजर गोपाल सिंह राव पोसालिया ने बताया कि परीक्षा के दौरान गर्भवती महिलाओं, दिव्यांगजन और विशेष आवश्यकता वाले अभ्यर्थियों के लिए विशेष व्यवस्थाएं की गई थीं। सभी परीक्षा केंद्रों पर व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गईं तथा जरूरतमंद अभ्यर्थियों को सम्मानपूर्वक परीक्षा कक्ष तक पहुंचाया गया। गरिमा और संवेदनशीलता का रखा गया पूरा ध्यान जिन दिव्यांग अभ्यर्थियों ने स्वयं चलकर परीक्षा कक्ष तक जाने की इच्छा जताई, उनकी गरिमा का सम्मान करते हुए उन्हें स्वतंत्र रूप से जाने दिया गया। पूरी परीक्षा प्रक्रिया के दौरान प्रत्येक अभ्यर्थी के साथ संवेदनशील और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित किया गया। अभ्यर्थियों ने जताया प्रशासन के प्रति भरोसा परीक्षार्थियों मंशाराम, दिलीप सिंह, हेतल, करिश्मा, महेंद्र सिंह और हीरालाल सहित कई अन्य अभ्यर्थियों ने व्यवस्थाओं को सराहनीय बताया। उनका कहना था कि ऐसी सुव्यवस्थित और संवेदनशील व्यवस्थाएं प्रशासन के प्रति विश्वास को और मजबूत करती हैं। सभी अभ्यर्थियों ने जिला प्रशासन, स्कूल प्रबंधन, वीक्षकों और परीक्षा ड्यूटी में लगे समस्त कार्मिकों का उत्कृष्ट प्रबंधन के लिए आभार व्यक्त किया।