सवाई माधोपुर में टोंक-चिरगांव नेशनल हाईवे पर गुरुवार शाम एक सांड के अचानक सामने आ जाने से बाइक हादसे का शिकार हो गई। हादसे में बाइक सवार चार युवक घायल हो गए। सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां दो युवकों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया। वहीं दो अन्य घायलों का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। कुशालीदर्रा जाते समय हुआ हादसा अस्पताल चौकी प्रभारी जॉन सिंह ने बताया- गुरुवार शाम करीब 8 बजे सूचना मिली कि पुराने शहर के टेक के पास एक अपाचे आरटीआर बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। बाइक पर आशीष (16) पुत्र महेंद्र साहू निवासी नीम चौकी, राहुल (17) पुत्र राधेश्याम गुर्जर निवासी नीम चौकी, कुलदीप (20) पुत्र कमलेश चौपदार निवासी शहर और शाहरुख (20) पुत्र नूरुद्दीन निवासी शहर सवार थे। चारों कुशालीदर्रा घूमने जा रहे थे। सांड सामने आने से बिगड़ा संतुलन भौम्याजी टेक के पास अचानक एक सांड बाइक के सामने आ गया। उसे बचाने के प्रयास में बाइक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसे में चारों युवक घायल हो गए। सूचना पर उन्हें जिला अस्पताल लाया गया। दो युवकों को जयपुर किया रेफर जिला अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद राहुल और कुलदीप की हालत गंभीर होने पर उन्हें जयपुर रेफर कर दिया गया। वहीं आशीष और शाहरुख का जिला अस्पताल में इलाज जारी है। चिकित्सकों के अनुसार दोनों की हालत फिलहाल खतरे से बाहर है। हादसे की सूचना मिलते ही जिला अस्पताल में बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जुट गई।