संगरूर पुलिस ने खेतों से मोटर तारों की चोरी कर उनमें से तांबा निकालकर बेचने वाले एक गिरोह के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके कब्जे से लगभग 5 किलोग्राम चोरी का तांबा बरामद किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान दविंदर सिंह और जगजीत सिंह उर्फ जीत के रूप में हुई है, जो संगरूर जिले के निवासी हैं। दोनों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि उन्हें एक खास मुखबिर से सूचना मिली थी। इसके अनुसार, ये आरोपी रात के समय खेतों में जाकर मोटरों की बिजली तारें चुरा लेते थे। बाद में, वे इन तारों को जलाकर या काटकर उनमें से तांबा निकालते थे और उसे बेचकर अवैध कमाई करते थे। आरोपियों से पूछताछ जारी आरोपियों की इन गतिविधियों से इलाके के किसान लंबे समय से परेशान थे, क्योंकि मोटरों की तार चोरी होने से सिंचाई कार्य प्रभावित हो रहा था। सूचना के आधार पर, सब-इंस्पेक्टर दर्शन सिंह ने पुलिस टीम के साथ तुरंत छापेमारी की और मौके पर ही दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि उन्होंने अब तक किन-किन इलाकों में चोरी की वारदातों को अंजाम दिया है और चोरी का सामान किसे बेचा जाता था। किसानों ने ऐसे आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने ग्रामीण क्षेत्रों में गश्त बढ़ाने और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने का आश्वासन दिया है।