मोगा के बाघा पुराना के कोटकपूरा रोड पर स्थित लक्की ट्रेडिंग कंपनी नामक कबाड़ की दुकान में बीती रात करीब 11 बजे आग लग गई। इस घटना में लाखों रुपए का सामान जलकर खाक हो गया। दुकान मालिक अमन तनेजा और लक्की तनेजा ने नुकसान की जानकारी दी। दुकान मालिकों को रात में किसी व्यक्ति ने फोन कर गोदाम में आग लगने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर उन्होंने देखा कि दुकान में रखे अखबार, कॉपियों की रद्दी और अन्य कबाड़ का सामान आग की चपेट में आ चुका था। आग तेजी से फैल रही थी। कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पाया जा सका काबू घटना की सूचना तुरंत फायर ब्रिगेड को दी गई। कुछ ही समय में फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। कर्मचारियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। आग की तीव्रता अधिक होने के कारण इसे बुझाने में काफी समय लगा। दुकान मालिकों के अनुसार, इस आग से करीब 20 लाख रुपए का नुकसान हुआ है। आग लगने के कारणों का अभी तक पूरी तरह पता नहीं चल पाया है। मौके पर पहुंचे शहरवासियों ने प्रशासन से पीड़ितों को उचित सहायता और मुआवजा देने की मांग की है।
