भरतपुर के बयाना में मीटिंग के दौरान विधायक ऋतु बनावत और नगर पालिका EO (एग्जिक्यूटिव ऑफिसर) अनीता कुशवाह में बहस हो गई। विवाद इतना बढ़ा कि बात तू-तड़ाक तक आ पहुंची। दरअसल, बयाना नगर पालिका में शुक्रवार को विधायक ऋतु बनावत अधिकारियों की बैठक लेने पहुंची थीं। उन्होंने पालिका की EO अनीता कुशवाह से कई सवाल किए। इस दौरान वहां बैठे लोगों में मौजूद EO के भतीजे नितिन कुशवाह ने टोकते हुए कहा कि अच्छे कामों की कोई तारीफ नहीं करता। इस पर विधायक ने पूछा- आप कौन हैं? जवाब में EO के भतीजे ने कहा- मैं जनता हूं, सब बोल रहे हैं तो मैं भी बोल रहा हूं। विधायक ने कहा कि आप चुप रहिए, बीच में मत बोलिए। यहां अधिकारियों की बैठक चल रही है। मीटिंग अनुशासन में होगी। इस बात पर EO नाराज हो गई और विधायक से कहा- वो जनता है, उनको कैसे निकालने के लिए बोल दिया तूने, वो मेरी फैमिली है। जवाब में विधायक ने कहा कि बदतमीजी नहीं चलेगी। हालांकि लोगों के बीच बचाव करने के बाद मामला शांत हुआ। सफाई टेंडर को लेकर शुरू हुई थी बहस
मीटिंग में विधायक ऋतु बनावत ने नगर पालिका के कामकाज को लेकर अधिकारियों से सवाल किए। विधायक ने जब नगर पालिका की फाइलों को देखा तो, उसमें पता लगा कि बयाना की सफाई का ठेका बार-बार एक ही कंपनी को दिया जा रहा है। इसे लेकर विधायक ने EO से सवाल किए, तो सही जवाब नहीं मिलने पर उन्होंने टेंडर की जांच करवाने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि आखिर बार-बार ऐसा क्यों हो रहा है, कमीशन का मामला है क्या इसमें? यह मेरे संज्ञान में अब आया है, ऐसे में इसकी जांच होनी चाहिए। AC चोरी होने के बाद भी कोई FIR दर्ज नहीं
मीटिंग में सरकारी हॉस्पिटल के सामने स्थित सुलभ कॉम्प्लेक्स से AC चोरी होने को लेकर भी विधायक ने सवाल पूछे तो EO ने कहा कि जांच करवाऊंगी। विधायक ने कहा- AC चोरी हुए करीब 2 महीने हो चुके हैं। उसके बाद भी नगर पालिका की तरफ से कोई FIR दर्ज नहीं करवाई गई। ऐसे मामलों की आखिर कब जांच होगी। विधायक बोलीं- मैंने मंत्री, कलेक्टर से की अभद्रता की शिकायत
बयाना विधायक ऋतु बनावत ने बताया- बयाना नगर पालिका में मीटिंग के दौरान EO ने अभद्रता की है। उसकी शिकायत मैंने UDH मंत्री झाबर सिंह खर्रा, भरतपुर कलेक्टर और संभागीय आयुक्त से की है।

भास्कर रिपोर्टर ने मामले में EO अनीता कुशवाह का पक्ष जानने लिए उनको भी फोन किया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया।