डीग जिले के कामां थाना क्षेत्र के मुरार गांव में शुक्रवार दोपहर करीब 1 बजे जमीनी विवाद को लेकर 2 गुटों में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान हुई फायरिंग में 10 लोग घायल हो गए। घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस के अनुसार यह विवाद सोहन लाल और सर्वसुख पक्षों के बीच हुआ। विवाद के दौरान एक पक्ष ने दूसरे पक्ष पर कथित तौर पर फायरिंग की, जिससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों में 6 की हालत गंभीर
इस फायरिंग में कुल 10 महिला-पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में से 6 की हालत गंभीर बताई जा रही है। उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद भरतपुर के उच्च चिकित्सा केंद्र रेफर किया गया है। अन्य घायलों का उपचार स्थानीय अस्पताल में चल रहा है। गांव में पुलिस बल किया तैनात
घटना की सूचना मिलते ही कामां थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है। गांव में तनावपूर्ण माहौल को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जो शुक्रवार को हिंसक हो गया। पुलिस आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के प्रयास कर रही है और पूरे घटनाक्रम की जांच कर रही है। 4 लोगों को किया डिटेन
एसपी शरण गोपीनाथ कांबले ने बताया दो पक्षों में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। एक पक्ष जमीन पर जबरदस्ती कब्जा कर रहा था। इसको लेकर आज दोनों पक्षों में झगड़ा हो गया। झगड़े में फायरिंग हो गई, जिनमें करीब 7 लोग घायल हैं। फायरिंग के मामले में 4 लोगों को डिटेन कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है। घायलों में 2 महिलाएं, 1 नाबालिग भी शामिल
घायलों में चेतराम (35), दाताराम (80), विमला देवी (40), राजन (50), जीवन (45), प्रीति (16), देशराज (40), सोहनलाल (55) पप्पू (45) गीता देवी (48) शामिल है।