ब्यावर-उदयपुर मार्ग पर बुधवार को ग्राम बाडिया नंगा के समीप हुए एक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। इस दुर्घटना में उनके तीन बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद अजमेर रेफर किया गया है। हथानखेड़ा निवासी जसवंत पुत्र गुमान काठात (30) अपनी पत्नी रेखा (26) और तीन बच्चों के साथ मोटरसाइकिल पर ब्यावर से अपने गांव लौट रहे थे। ग्राम बाडिया नंगा के पास एक अज्ञात वाहन ने उनकी मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि जसवंत और रेखा को गंभीर चोटें आईं। सूचना मिलने पर एम्बुलेंस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को ब्यावर के राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने जसवंत और रेखा को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल हुए तीनों बच्चे फातिया, जावेद और सद्दीक की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें अजमेर के जवाहरलाल नेहरू चिकित्सालय रेफर किया गया है, जहां उनका इलाज चल रहा है। पुलिस ने मृतकों के शवों को मॉर्च्युरी में रखवाकर पोस्टमॉर्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी है। पुलिस अज्ञात वाहन चालक की तलाश कर रही है। दंपती की मृत्यु की खबर हथानखेड़ा गांव पहुंचते ही ग्रामीण राजकीय अमृतकौर चिकित्सालय पहुंचे। उन्होंने परिजनों को सांत्वना दी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।