लुधियाना के साहनेवाल इलाके में दो दिन पहले केमिकल की कैनी में हुए जोरदार धमाके से गंभीर रूप से झुलसे युवक ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। मृतक की पहचान सुमित सिंह के रूप में हुई है। सुमित कार के डैशबोर्ड को पॉलिश करने वाला केमिकल बनाने का काम करता था और अभी कुंवारा था। 28 अगस्त की सुबह हुआ हादसा ASI सुरजीत सिंह ने बताया कि घटना 28 अगस्त की सुबह करीब 7:30 बजे की है। सुमित जब अपने कमरे में पहुंचा, तो वहां किसी कारणवश पहले से ही आग सुलग रही थी। कमरे में दाखिल होते ही वहां रखी केमिकल की कैनी ने आग पकड़ ली और उसमें अचानक जोरदार धमाका हो गया। सुमित कमरे के भीतर ही मौजूद था, जिससे वह आग की चपेट में आकर बुरी तरह झुलस गया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे पड़ोसी धमाके और सुमित के चिल्लाने की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे। पड़ोसियों ने मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया और झुलसी हालत में सुमित को तुरंत लुधियाना के सीएमसी (CMC) अस्पताल में भर्ती कराया। उपचार के दौरान तोड़ा दम अस्पताल के डॉक्टरों के अनुसार सुमित का शरीर 90 प्रतिशत से ज्यादा झुलस चुका था। जिंदगी और मौत की जंग लड़ते हुए सुमित ने आज इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवाकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
