निर्माणाधीन घर में लुकाछुपी खेल रही दो सगी बहनों पर रसोई की दीवार गिर गई। दोनों मलबे में दब गई। हादसे में एक बहन की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरी बहन गंभीर घायल हो गई। घटना बाड़मेर जिले के सदर थाना इलाके के मालपुरा गांव में दोपहर करीब 4 बजे हुई। बच्चों की चीख-पुकार सुन परिवार के लोग मौके पर पहुंचे और मलबा हटाकर दोनों को बाड़मेर जिला हॉस्पिटल लाए। वहां एक बच्ची को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि दूसरी का इलाज चल रहा है। रसोई की नई दीवार के पास छिप रहे थे बच्चे
परिजन भूराराम ने बताया- मालपुरा ग्राम पंचायत के गांव धोलपालिया नाडा में नया घर बन रहा है। उसमें रसोई के चिमनी से जुड़ी एक दीवार कुछ समय पहले ही बनी थी। आज काम बंद होने के कारण परिवार के बच्चे 4 से 5 बच्चे वहां पर लुकाछुपी खेल रहे थे। इस दौरान मेरी भतीजी ललिता (8) पुत्री चेतनराम और उसकी सगी बहन ज्योति (9) चिमनी के पास छिप गई। अचानक चिमनी की दीवार दोनों बच्चियां पर गिर गई। दोनों मलबे में नीचे दब गई। मौजूद दूसरे बच्चों के चिल्लाने के आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग दोनों को बचाने दौड़े। ऊपर से मलबा हटाकर दोनों बच्चियों को बाहर निकाला। एक बच्ची का इलाज जारी
चाचा भूराराम की गाड़ी से दोनों बच्चियों को बाड़मेर जिला हॉस्पिटल लेकर आए। वहां पर डॉक्टरों ने ललिता को मृत घोषित कर दिया। वहीं ज्योति का इलाज चल रहा है। डॉक्टरों ने ज्योति का एक्सरे और सीटी स्कैन भी करवाया है, जिसमें गंभीर चोटें सामने आई हैं। नाबालिग बच्ची के शव को जिला हॉस्पिटल की मॉर्च्युरी में शिफ्ट करवाया गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
