नन्हे कदम जब आत्मविश्वास के साथ रैंप पर उतरे तो पूरा सभागार तालियों की गूंज से भर उठा। रंग-बिरंगे परिधानों, आकर्षक रैंप वॉक, शानदार डांस प्रस्तुतियों और सामाजिक संदेशों से भरपूर प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। मौका था, हेरिटेज किड्स फैशन शो (HKFS) सीजन-5 के बहुप्रतीक्षित ग्रैंड फिनाले का। यह आयोजन शुक्रवार को जवाहर कला केंद्र (जेकेके) के रंगायन सभागार में आयोजित हुआ। इसमें 1 से 16 वर्ष आयु वर्ग के लगभग 40 प्रतिभागियों ने मंच पर अपनी प्रतिभा का ऐसा प्रदर्शन किया कि हर प्रस्तुति के बाद दर्शकों की तालियां गूंज उठीं। बच्चों ने केवल फैशन और रैंप वॉक ही नहीं, बल्कि अपनी अभिव्यक्ति, आत्मविश्वास, अभिनय, नृत्य और सामाजिक विषयों पर जागरूकता के संदेशों से भी सभी का दिल जीत लिया। कार्यक्रम की शुरुआत जवाहर कला केंद्र के अतिरिक्त महानिदेशक गोपालराम बिरदा, मुख्य संरक्षक बसंत जैन, निर्मला जैन, मीनाक्षी सोलंकी, समाजसेवी दिनेश सैनी, अर्विक, अर्चना बैराठी और विपिन बैराठी सहित अन्य अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। इसके बाद प्रस्तुत की गई गणेश वंदना ने पूरे सभागार को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
यहां देखिए इवेंट के फोटोज…
ग्रैंड फिनाले का सबसे बड़ा आकर्षण रहे चाइल्ड स्टार अर्विक बैराठी, जिन्होंने अपनी ऊर्जावान डांस प्रस्तुति से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। उन्होंने ‘धूम मचा ले’ और ‘टन टना टन’ जैसे लोकप्रिय गीतों पर शानदार परफॉर्मेंस दी, जिस पर सभागार देर तक तालियों की गूंज से गूंजता रहा। वहीं, शो स्टॉपर नम्या तंवर ने पर्यावरण संरक्षण पर प्रभावशाली भाषण देकर कार्यक्रम को एक नई दिशा दी। उन्होंने प्रकृति संरक्षण, पेड़-पौधों के महत्व और पर्यावरण के प्रति प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी पर अपने विचार रखे, जिन्हें दर्शकों ने खूब सराहा। कार्यक्रम की आयोजक अर्चना बैराठी ने बताया कि प्रतियोगिता को तीन अलग-अलग राउंड में आयोजित किया गया, ताकि बच्चों के व्यक्तित्व के विभिन्न आयामों को मंच मिल सके। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का उद्देश्य केवल फैशन शो कराना नहीं, बल्कि बच्चों के भीतर छिपी प्रतिभा, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और रचनात्मक सोच को सामने लाना है। उन्होंने बताया कि इस बार बच्चों ने अपनी प्रस्तुतियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता अभियान, पेड़-पौधों का महत्व, प्रकृति से जुड़ाव और सामाजिक जिम्मेदारियों जैसे विषयों पर प्रभावशाली संदेश दिए। रंग-बिरंगी वेशभूषा, आकर्षक थीम और सशक्त प्रस्तुति ने यह साबित किया कि नई पीढ़ी केवल मनोरंजन तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को भी समझती है। ग्रैंड फिनाले का एक और विशेष आकर्षण रहा ‘मम्मी-किड्स राउंड’, जिसमें मां और बच्चों ने एक साथ रैंप पर उतरकर शानदार तालमेल, आत्मविश्वास और खूबसूरत बॉन्डिंग का प्रदर्शन किया। इस राउंड ने दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया और परिवार के रिश्तों की खूबसूरती को मंच पर जीवंत कर दिया। पूरे आयोजन के दौरान बच्चों का उत्साह, उनकी मासूम मुस्कान, आत्मविश्वास से भरी रैंप वॉक और मंच पर बेहतरीन प्रस्तुति देखने लायक रही। हर प्रतिभागी ने अपने अंदाज से यह साबित किया कि अवसर मिलने पर बच्चों की प्रतिभा किसी भी बड़े मंच पर अपनी अलग पहचान बना सकती है। कार्यक्रम के अंत में प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। आयोजकों ने कहा कि हेरिटेज किड्स फैशन शो का उद्देश्य बच्चों को ऐसा मंच उपलब्ध कराना है, जहां वे बिना किसी दबाव के अपनी प्रतिभा को निखार सकें, आत्मविश्वास विकसित कर सकें और समाज के प्रति सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ सकें।
