कोटपूतली के सुंदरपुरा ढाढ़ा गांव में जर्जर सड़क को लेकर ग्रामीणों विरोध जताया। शुक्रवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे और उपमुख्यमंत्री एवं पीडब्ल्यूडी मंत्री दीया कुमारी के नाम ज्ञापन सौंपकर सड़क की तत्काल मरम्मत और पुनर्निर्माण की मांग की। ग्रामीणों ने बताया- गांव की मुख्य सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है और जगह-जगह बड़े गड्ढों के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। खासकर स्कूल जाने वाले बच्चे और पैदल यात्री सबसे अधिक प्रभावित हैं। कई बच्चे अब तक चोटिल भी हो चुके हैं। पुलिस बल तैनात किया गया प्रदर्शन को देखते हुए कलेक्टर कार्यालय परिसर में पुलिस बल तैनात किया गया, हालांकि आंदोलन शांतिपूर्ण रहा। जिला कलेक्टर ने ज्ञापन लेते हुए मामले को गंभीर माना और पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को तत्काल जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही। उन्होंने ग्रामीणों को आश्वासन दिया कि सड़क की स्थिति को देखते हुए मरम्मत और नवीनीकरण की प्रक्रिया जल्द शुरू करवाई जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द काम शुरू नहीं हुआ तो वे आगे बड़ा आंदोलन करेंगे।
