नमस्कार, आज की सबसे बड़ी खबर पंचायत चुनाव से जुड़ी है। 3605 पंचायतों में 6 नवंबर को धनतेरस के दिन होने वाली वोटिंग की तारीख बदलने की तैयारी है। चलिए सिलसिलेवार पढ़ते हैं, राजस्थान दिनभर में क्या कुछ खास रहा… पहले टॉप 5 खबरें
1. 50 से ज्यादा मकानों-दुकानों पर चला बुलडोजर
जयपुर विकास प्राधिकरण ने सोमवार को न्यू सांगानेर रोड पर 50 से ज्यादा मकान-दुकानों के अवैध निर्माण पर बुलडोजर चलाया। गुर्जर की थड़ी चौराहे से सोडाला तिराहे तक 3 KM एरिया में कुल 260 अवैध निर्माण हटाए जाने हैं। अवैध निर्माण के कारण कई जगह सड़क 100 फीट की जगह 40 से 60 फीट तक रह गई है। पूरी खबर पढ़ें 2. 3605 पंचायतों में चुनाव की तारीख बदलने की तैयारी
प्रदेश की 3605 पंचायतों में 6 नवंबर को होने वाली वोटिंग की तारीख बदलने की तैयारी है। राज्य निर्वाचन आयुक्त ने धनतेरस के दिन वोटिंग टालने के संकेत दिए हैं, हालांकि अभी फाइनल फैसला होना बाकी है। धनतेरस का बड़ा पर्व होने के कारण इस दिन वोटिंग टालने के लिए कई नेताओं और संगठन मांग कर रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें 3. अपाचे हेलिकॉप्टर से आसमान में उड़ाए ड्रोन
भारतीय सेना ने जैसलमेर में खुले रेगिस्तानी इलाके में अपनी ताकत का एक और बड़ा नमूना पेश किया है। थल सेना की एविएशन विंग की ‘वैलिएंट विंग्स’ स्क्वॉड्रन टीम ने AH-64E अपाचे अटैक हेलिकॉप्टरों की 30MM चेन गन से हवा में तेज रफ्तार ‘बंशी जेट’ जैसे ड्रोन नुमा टारगेट को उड़ाया। पूरी खबर पढ़ें 4. राजस्थान बोर्ड की 10वीं की परीक्षा 2 बार दे सकेंगे
राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की 10वीं की परीक्षा अब 2 बार दे सकेंगे। इस सत्र से मुख्य परीक्षा फरवरी-मार्च और दूसरी परीक्षा मई में होगी। आदेश के अनुसार- मुख्य परीक्षा में पास होने वाला छात्र अधिकतम 3 विषयों में नंबर सुधारने के लिए दूसरी परीक्षा दे सकता है। पूरी खबर पढ़ें 5. यूक्रेन में भरतपुर के कारोबारी की फैक्ट्री पर ड्रोन हमला
भरतपुर के कारोबारी राजीव गुप्ता की यूक्रेन के सूमी शहर में दवा फैक्ट्री पर रूस ने ड्रोन से हमला कर दिया। इसमें 1 इंजीनियर की मौत हो गई, जबकि कई लोग घायल हो गए। शुरुआती अनुमान के मुताबिक, कंपनी को कम से कम 400 करोड़ रुपए का नुकसान हुआ है। पूरी खबर पढ़ें अब 3 अहम खबरें
6. साले की शादी में जा रहे जीजा समेत 2 की मौत
कोटपूतली-बहरोड़ जिले में पिकअप आगे चल रहे डंपर में घुस गई। हादसे में पिकअप सवार 2 युवकों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग गंभीर घायल हो गए। पिकअप में एक ही परिवार के लोग थे, जो शादी में शामिल होने जा रहे थे। मरने वाले एक युवक की 22 दिन पहले ही शादी हुई थी। पूरी खबर पढ़ें 7. मंत्री बोले- प्रधान बनकर गड़बड़ी की तो 1 मिनट में हटा दूंगा
कोटा में शिक्षा मंत्री मदन दिलावर ने भ्रष्टाचार और गड़बड़ी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की चेतावनी दी। दिलावर ने कार्यकर्ताओं से कहा कि जो पंचायत चुनाव लड़ रहे हैं, वे इस गलतफहमी में न रहें कि प्रधान बनने के बाद गलत काम करेंगे। किसी ने गड़बड़ी की तो उसे 1 मिनट में हटा देंगे। पूरी खबर पढ़ें 8. युवक की हत्या, चाकू से कान काटकर मुरकियां लूटी
टोंक जिले में युवक के कान काटकर बदमाश सोने की मुरकियां लूट ले गए। युवक दूध बेचने जा रहा था। सुबह स्कूल जा रही उसकी भतीजी और अन्य छात्राओं ने घर से 400 मीटर दूर खून से लथपथ हालत में देखा। युवक का सिर फटा था और दोनों कान कटे थे। पूरी खबर पढ़ें खबर जो हटकर है
9. 6 साल के बच्चे ने 47 किलो वजन उठाकर रिकॉर्ड बनाया
उदयपुर में महज 6 साल के बच्चे विराज शर्मा ने 47 किलो वजन उठाकर सबको चौंका दिया। विराज का खुद का वजन करीब साढ़े 17 किलो है. उसने इन्फ्लुएंसर्स बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज करवाया है। विराज अब तक राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 7 रिकॉर्ड व सम्मान हासिल कर चुका है। पूरी खबर पढ़ें कल क्या होगा खास
10. जेडीए की कार्रवाई मामले में कोर्ट में सुनवाई कल
जयपुर में सोमवार को हुई जेडीए की कार्रवाई मामले में पीड़ित दुकानदारों और स्थानीय निवासियों की ओर से दायर प्रार्थना पत्र पर कल हाईकोर्ट में सुनवाई होगी।
