श्रीगंगानगर में गुरुद्वारा धन-धन बाबा दीप सिंह के सचिव और सिख धर्म प्रचार कमेटी के चेयरमैन तेजिंदर पाल सिंह टिम्मा को सोमवार शाम सीजेएम कोर्ट, श्रीगंगानगर में पेश किया गया। कोर्ट ने टिम्मा को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेज दिया। अब उन्हें 7 अक्टूबर को दोबारा कोर्ट में पेश किया जाएगा। वहीं टिम्मा की गिरफ्तारी का एक वीडियो भी सामने आया है। इसमें पुलिस टिम्मा को पकड़ कर ले जाती हुई नजर आ रही है। शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) के अध्यक्ष एडवोकेट हरजिंदर सिंह धामी ने राजस्थान के श्रीगंगानगर स्थित गुरुद्वारा बाबा दीप सिंह जी में पुलिस कार्रवाई की निंदा की है। उन्होंने राजस्थान पुलिस पर गुरु के लंगर की बेअदबी करने और पोस्टर फाड़ने की बात कही है। पुलिस बोली- पहले से 21-22 मुकदमे दर्ज कोतवाली थाना प्रभारी तेजवंत सिंह बराड़ ने बताया- कोर्ट ने टिम्मा को 2 दिन के पुलिस रिमांड पर भेजा है। उन्हें 7 अक्टूबर को फिर कोर्ट में पेश किया जाएगा। टिम्मा के खिलाफ पहले से 21-22 मुकदमे दर्ज हैं, जिनकी लिस्ट कोर्ट को सौंपी गई है। टिम्मा का मेडिकल कराया जाएगा और इसके बाद मामले में माल बरामदगी के प्रयास किए जाएंगे। कोर्ट के बाहर परिजन करते रहे अरदास सुनवाई के दौरान कोर्ट परिसर के बाहर टिम्मा की पत्नी और परिजन अरदास करते नजर आए। वहीं, सुरक्षा के मद्देनजर कोर्ट के बाहर बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा। टिम्मा को कड़ी सुरक्षा के बीच कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान कोर्ट के बाहर टिम्मा के समर्थकों और विरोधियों की भीड़ भी जुटी रही। गुरुद्वारे से गिरफ्तारी के बाद बढ़ा विवाद कोतवाली थाना पुलिस ने रविवार शाम को धन-धन बाबा दीप सिंह गुरुद्वारा से टिम्मा को गिरफ्तार किया था। टिम्मा पर शहर के एक इमीग्रेशन संचालक के घर में घुसकर मारपीट और लूट करने का आरोप है। गिरफ्तारी के बाद गुरुद्वारा परिसर में मौजूद टिम्मा के समर्थकों ने पुलिस पर गुरुद्वारे में तोड़फोड़ और बेअदबी के आरोप लगाए थे। पुलिस ने इन आरोपों से इनकार किया। पुलिस का कहना है कि गिरफ्तारी के दौरान समर्थकों ने पुलिस पर हमला किया, जिसमें एक कॉन्स्टेबल के सिर में चोट लगी। समर्थक स्टेट हाईवे पर धरने पर बैठे गिरफ्तारी के विरोध में टिम्मा के समर्थक रविवार रात श्रीगंगानगर-पदमपुर स्टेट हाईवे पर धरने पर बैठ गए। इससे क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी और पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी। टिम्मा विरोधियों का एसपी ऑफिस पर प्रदर्शन दूसरी ओर, टिम्मा के विरोध में कई गांवों के गुरुद्वारों के प्रधान एसपी ऑफिस पहुंचे। उन्होंने पुलिस प्रशासन के पक्ष में नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। विरोधियों ने एडिशनल एसपी दीपक को ज्ञापन सौंपकर टिम्मा के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की और पुलिस की कार्रवाई की प्रशंसा की। पुलिस पर बेअदबी का आरोप टिम्मा की गिरफ्तारी से जुड़ी ये खबर भी पढ़ें… श्रीगंगानगर में गुरुद्वारा के सचिव गिरफ्तार:गेस्ट हाउस में बेड के नीचे छिपे थे; महिलाओं ने पुलिस पर हमला किया, समर्थकों ने किया प्रदर्शन श्रीगंगानगर में गुरुद्वारा धन-धन बाबा दीप सिंह जी सभा के सचिव और सिख धर्म प्रचार कमेटी के चेयरमैन तेजिंदर पाल सिंह टिम्मा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। (पढ़ें पूरी खबर)