सीकर की शेखावाटी यूनिवर्सिटी में छात्र संगठन स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ़ इंडिया(SFI) का छात्रहितों की मांगो को लेकर 36 दिन से चल रहा धरना आज समाप्त हो गया। यूनिवर्सिटी के नवनियुक्त VC डॉ. युद्धवीर सिंह ने पहल की और खुद धरनास्थल पर स्टूडेंट्स के बीच पहुंचे। VC डॉ. सिंह ने आंदोलनरत स्टूडेंट्स से बात की और उचित 17 सूत्रीय मांगों को पूरा करने की सहमति दी और जल्द कार्रवाई का ठोस आश्वासन दिया। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रहितों में कई निर्णयों पर दी सहमति वार्ता के दौरान यूनिवर्सिटी प्रशासन ने छात्रहितों में कई निर्णयों पर सहमति दी। एंट्रेंस परीक्षा के नाम पर विद्यार्थियों से लिए जाने वाले ₹700 फीस को अगले एकेडमिक सेशन से पूरी तरह बंद करने का निर्णय लिया गया है। इसके अलावा, अगले शैक्षणिक सत्र से फीस कम करने का भी निर्णय लिया गया है। विद्यार्थियों के विरोध को देखते हुए बंद किए गए पाठ्यक्रमों को दोबारा चालू किया जाएगा और LLM थर्ड सेमेस्टर में ‘क्रिमिनल ब्रांच’ को भी शुरू किया जाएगा। समझौता वार्ता में अगले सेशन से पहले हॉस्टल शुरू करने, छात्राओं के लिए अलग हॉस्टल का प्रस्ताव भेजने, इंडोर/आउटडोर खेल स्टेडियम और ऑडिटोरियम के लंबित कार्यों को पूरा करने के लिए कमेटी गठित कर स्थाईखेल मैदान का निर्माण तुरंत शुरू करने, अगले सत्र से BA LLB, LLB और बैंकिंग क्षेत्र से जुड़े नए पाठ्यक्रम शुरू करने, सीटें बढ़ाने, लाइब्रेरी की पुस्तकों का डाटा वेबसाइट पर उपलब्ध करवाने, एकेडमिक कैलेंडर जारी करने, शिकायत/सुझाव पेटियां लगाने, स्थाई शिक्षकों की भर्ती शुरु करने आदि मांगों पर सहमति दी। लिखित सहमति के बाद SFI ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की छात्रहितों पर लिखित सहमति के बाद SFI ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा की। इकाई अध्यक्ष सुशीला चौधरी, इकाई सचिव अमित बाजिया और सह-सचिव लोकेश बिजारणियां ने कहा कि 36 दिनों का संघर्ष सफल रहा है और अब इन फैसलों को धरातल पर लागू कराना प्राथमिक लक्ष्य रहेगा। धरना समाप्ति पर छात्र संगठन SFI के पदाधिकारियों समेत सभी छात्रों ने VC डॉ. युद्धवीर सिंह व यूनिवर्सिटी प्रशासन का आभार जताया।