स्वायत्त शासन विभाग ने 24 हजार 752 पदों पर संविदा पर होने जा रही सफाई कर्मचारी भर्ती के नियमों में बड़ा बदलाव किया है। अब प्रदेश का कोई भी व्यक्ति बिना अनुभव प्रमाण-पत्र के आवेदन कर सकेगा। मंगलवार को जोधपुर हाईकोर्ट के फैसले के बाद विभाग ने आवेदन प्रक्रिया को लेकर स्थिति स्पष्ट की है। इसके तहत अब अभ्यर्थियों से ऑनलाइन आवेदन के समय अनुभव प्रमाण-पत्र की अनिवार्यता नहीं रहेगी। बिना अनुभव प्रमाण-पत्र के ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं संविदा सफाई कर्मचारी भर्ती को लेकर जोधपुर हाईकोर्ट में एस.बी. सिविल रिट याचिका संख्या 23815/2026, एस.बी. सिविल रिट याचिका संख्या 23782/2026 और एस.बी. सिविल रिट याचिका संख्या 23805/2026 दायर की गई थीं। इन याचिकाओं पर फैसले के अनुसार सभी आवेदनकर्ता बिना अनुभव प्रमाण-पत्र के संविदा सफाई कर्मचारी भर्ती में ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। हाईकोर्ट के फैसले के बाद अभ्यर्थियों को बड़ी राहत मिली है। अब जिन अभ्यर्थियों के पास सफाई कार्य का अनुभव प्रमाण-पत्र नहीं है, वे भी ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। इससे उन बेरोजगारों के लिए आवेदन का रास्ता खुल गया है, जो अनुभव प्रमाण पत्र नहीं होने के कारण भर्ती से बाहर हो गए थे। 24,752 पदों पर होनी है भर्ती स्वायत्त शासन विभाग की ओर से प्रदेश के 183 नगरीय निकायों में संविदा सफाई कर्मचारियों के 24,752 पदों पर भर्ती की जा रही है। इस भर्ती के लिए आवेदन की अंतिम तारीख पहले 28 सितंबर निर्धारित की गई थी, जिसे बढ़ाकर अब 13 अक्टूबर किया गया है। ऐसे में अभ्यर्थियों के पास ऑनलाइन आवेदन करने के लिए अब 13 अक्टूबर तक का मौका है। नियमों में बदलाव के बाद भर्ती का दायरा भी बढ़ गया है। अब प्रदेश का कोई भी पात्र व्यक्ति बिना अनुभव प्रमाण-पत्र के ऑनलाइन आवेदन कर सकता है। अभ्यर्थियों को विभाग की वेबसाइट पर जाकर निर्धारित प्रक्रिया के तहत आवेदन करना होगा।
