राजसमंद में रविवार को अखिल भारतीय जांगिड़ ब्राह्मण महासभा की प्रदेश स्तरीय त्रैमासिक बैठक का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार, विधायक सुरेन्द्र सिंह राठौड़, दीप्ति माहेश्वरी सहित प्रदेशभर से समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लिया। इस दौरान जिला सभा राजसमंद के नव-निर्वाचित पदाधिकारियों का शपथ ग्रहण समारोह एवं सामाजिक सम्मेलन भी आयोजित किया गया। श्री विश्वकर्मा कौशल विकास बोर्ड के अध्यक्ष रामगोपाल सुथार ने कहा कि प्रदेश सरकार परंपरागत कारीगरों और ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली युवाओं को कौशल प्रशिक्षण देकर आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि युवाओं को पीएम विश्वकर्मा योजना और विभिन्न कौशल विकास योजनाओं से जोड़ा जा रहा है, जिससे उन्हें रोजगार और स्वरोजगार के बेहतर अवसर मिल सकें। उन्होंने कहा कि हर जिले में जागरूकता शिविर आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे कारीगरों के उत्पादों को बेहतर बाजार उपलब्ध हो सके। उन्होंने सीएम के संकल्प का उल्लेख करते हुए कहा कि युवाओं को नौकरी मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाया जा रहा है। साथ ही सीएसआर फंड के माध्यम से भी कारीगरों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। समाज के प्रवक्ता प्रकाश जांगिड़ ने बताया कि सम्मेलन में प्रदेशभर से समाज के प्रतिनिधियों ने भाग लेकर सामाजिक एकता और विकास पर विचार-विमर्श किया।
