कोटा-नागदा रेल खंड पर रेलवे के तकनीकी कार्य के चलते राष्ट्रीय राजमार्ग-52 (एनएच-52) पर दरा की नाल से होकर गुजरने वाले सभी प्रकार के यात्री और मालवाहक वाहनों का मार्ग 20 और 23 जुलाई को बदल दिया जाएगा। दोनों दिन सुबह 9 बजे से शाम 7 बजे तक डायवर्जन लागू रहेगा। रेलवे कंवलपुरा-दरा स्टेशनों के बीच आरएच गर्डरों की डिलेम्पिंग का कार्य करेगा, जिसके कारण यह व्यवस्था की गई है। एसपी ने की सहयोग और सावधानी बरतने की अपील पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने वाहन चालकों से निर्धारित वैकल्पिक मार्गों का पालन करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यात्रा के दौरान धैर्य बनाए रखें, अपनी लेन में चलें, अनावश्यक ओवरटेक से बचें और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई भी की जाएगी। आपात स्थिति में पुलिस करेगी मदद यदि किसी बीमार व्यक्ति, एंबुलेंस या अन्य जरूरतमंद यात्री को परेशानी होती है तो वे झालावाड़ पुलिस कंट्रोल रूम के मोबाइल 7688977000 या दूरभाष 07432-230465 पर संपर्क कर सकते हैं। पुलिस ऐसे लोगों को गंतव्य तक पहुंचाने में सहायता करेगी। इन मार्गों से निकाले जाएंगे वाहन – अरनियां तिराहा से कोटा जाने वाले मालवाहक वाहन सारोला–खानपुर–बपावर होकर जाएंगे। – तीनधार चौराहा से यात्री और मालवाहक वाहन तीनधार–मंडावर–खानपुर–बपावर मार्ग से डायवर्ट किए जाएंगे। – माधोपुर चौराहा और सुनेल तिराहा से कोटा जाने वाले वाहन भी तीनधार–मंडावर–खानपुर–बपावर होकर गुजरेंगे। – सिंघानिया टोल प्लाजा के पास फोरलेन से आने वाले सभी वाहन तीनधार–मंडावर–खानपुर–बपावर मार्ग से भेजे जाएंगे। – खण्डिया चौराहा, मामा-भांजा चौराहा और बाघेर चौराहा से वाहनों को मंडावर–खानपुर–बपावर मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा। – खानपुर चौराहा से सभी यात्री और मालवाहक वाहन बपावर मार्ग से होकर गुजरेंगे। दो दिन बाद सामान्य होगा यातायात यह विशेष डायवर्जन व्यवस्था केवल 20 और 23 जुलाई को ही लागू रहेगी। रेलवे का कार्य पूरा होने के बाद एनएच-52 पर यातायात पूर्ववत दरा की नाल मार्ग से संचालित किया जाएगा।