मोगा शहर के वार्ड नंबर 7 में 132 केवी हाई वोल्टेज बिजली के तारों से हुए धमाके से हड़कंप मच गया। इस घटना में एक घर को भारी नुकसान पहुंचा, जबकि आसपास के कई अन्य घर भी इसकी चपेट में आ गए। धमाका इतना तेज था कि घरों की छतों और दीवारों में दरारें आ गईं। फ्रिज, टीवी, एसी सहित अन्य कीमती घरेलू सामान पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। स्थानीय लोगों के अनुसार, इस हादसे में लाखों रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि, गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई। वार्ड की काउंसिलर सरोज रानी के पति गोरधन पोपली ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि जिस कोठी के कारण यह हादसा हुआ, उसका ऊपरी हिस्सा बिना नक्शा पास कराए बनाया गया था। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस अवैध निर्माण को जल्द ही तोड़ा जाएगा। आरोप अवैध निर्माण के कारण हुआ था हादसा स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि यह हादसा अवैध निर्माण के कारण हुआ है। उनका कहना है कि पहले भी ऐसे हादसों में दो लोगों की जान जा चुकी है, लेकिन प्रशासन ने इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की। इलाके में तनाव और नाराजगी का माहौल बना हुआ है। खतरनाक हिस्से को गिराने की मांग इलाके के लोगों ने मांग की है कि खतरनाक हिस्से को जल्द से जल्द गिराया जाए। उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं हुईं, तो सोमवार से बड़ा धरना प्रदर्शन किया जाएगा। साथ ही, कोठी मालिक, पुलिस और बिजली बोर्ड के खिलाफ सख्त कार्रवाई की भी मांग की गई है।
धमाके के बाद की तश्वीरें
