मोगा के बहोना चौक क्षेत्र में वीरवार दोपहर एक दुकानदार पर उसकी दुकान में घुसकर तेजधार हथियारों से हमला किया गया। घायल नेता को इलाज के लिए सिविल अस्पताल मोगा में भर्ती कराया गया है। यह घटना थाना सिटी साउथ के अंतर्गत हुई। घायल तजिंदरपाल सिंह, जो बहोना चौक के निवासी हैं, ने पुलिस को बताया कि वे वीरवार दोपहर अपनी दुकान पर बैठे थे। तभी उन्हें बाहर सड़क हादसे जैसी आवाज सुनाई दी। बाहर निकलने पर उन्होंने देखा कि एक बाइक सवार नाबालिग ने उनके बेटे के साइकिल को टक्कर मार दी थी। इस दुर्घटना में साइकिल क्षतिग्रस्त हो गई और उनके बेटे को भी मामूली चोटें आईं। तेजधार हथियार लेकर युवकों के साथ पहुंचा आरोपी तजिंदरपाल सिंह ने बताया कि उन्होंने मौके पर अपने बेटे को संभाला और बाइक सवार को समझाया। उन्होंने बाइक सवार से उसके माता-पिता को बुलाने के लिए कहा। इसके बाद वे अपनी दुकान में वापस आ गए। कुछ देर बाद, वही युवक अपने माता-पिता के बजाय कुछ अन्य लोगों के साथ वहां पहुंचा। आरोप है कि हमलावरों के हाथों में कृपाणें और अन्य तेजधार हथियार थे। दुकान में घुसकर किया हमला पीड़ित तजिंदरपाल सिंह के अनुसार, हमलावर दुकान के अंदर घुस आए और उन पर हमला कर दिया। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग इकट्ठा होने लगे, जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। इस दौरान तजिंदरपाल सिंह ने हमलावरों में से एक की कृपाण भी छीन ली। हमले में घायल हुए तजिंदरपाल सिंह को तत्काल सिविल अस्पताल मोगा ले जाया गया। मामले की जांच कर रही पुलिस घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी साउथ पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और हमलावरों की पहचान कर उन्हें पकड़ने का प्रयास कर रही है।
