मोगा-कोटकपूरा रोड पर शनिवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 36 वर्षीय मोटरसाइकिल सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान मोगा के बेअंत नगर निवासी सीरा के रूप में हुई है, जो पेशे से पेंटर था। इस खौफनाक हादसे की एक सीसीटीवी (CCTV) फुटेज भी सामने आई है। सामने आई सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, मोटरसाइकिल पर दो व्यक्ति सवार थे। मोगा-कोटकपूरा रोड पर एक तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी मोटरसाइकिल को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि सीरा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि मोटरसाइकिल पर सवार दूसरा व्यक्ति इस हादसे में बाल-बाल बच गया। बुजुर्ग मां का इकलौता सहारा था मृतक मृतक सीरा अविवाहित था और अपने घर में बुजुर्ग मां का एकमात्र आर्थिक व मानसिक सहारा था। मृतक की भाभी सोमा रानी ने बताया कि सीरा शनिवार रात को घर पर ही मौजूद था, तभी एक अज्ञात व्यक्ति उसे बुलाकर अपने साथ ले गया था। इसके बाद रात करीब 10 बजे परिवार को इस दर्दनाक हादसे की सूचना मिली। युवक की मौत के बाद से बेअंत नगर में मातम पसरा हुआ है और परिजनों ने प्रशासन से इंसाफ की मांग की है। पुलिस की कार्रवाई और परिजनों का रुख घटना की सूचना मिलते ही थाना सिटी साउथ की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया है। थाना सिटी साउथ के एसएचओ वरुण कुमार ने बताया कि मृतक के परिवार की ओर से फिलहाल कोई भी कानूनी कार्रवाई करवाने से इनकार किया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि परिवार भविष्य में जैसा फैसला लेगा, उसी के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
