चार साल की डरी-सहमी मासूम बहुत कुछ कहना चाहती है, लेकिन बोल नहीं पा रही है। कई बार पूछने पर कहा- मैं नीचे बैठी थी… अम्मी (मां) को पीटा… दोनों ‘बड़ी अम्मी’ (ताई) ने अम्मी का गला दबाया था, फोटो भी ली थी… दरअसल, चूरू के सादुलपुर (राजगढ़) वार्ड नंबर-38 में नाजमीन बानो (26) की 6 मई को सदिग्ध मौत हो गई थी। ससुराल पक्ष के लोग बीमार होने के बाद मौत की बात परिवार को कहते रहे। गले पर निशान मिलने के बाद सुसाइड की बात कही। पीहर पक्ष ने पति के अवैध संबंधों का पता चलने पर हत्या का आरोप लगाया है। नाजमीन का विवाह 2018 में मोहम्मद हसन के साथ हुआ था। नामजीन चार बहनों में सबसे छोटी थी और एक छोटा भाई है। पति हसन विदेश में रहकर काम करता था और करीब एक महीने पहले ही घर लौटा था। नाजमीन के एक चार साल की बेटी है। पिता बोले- पति के अवैध संबंधों का पता चलने पर हत्या की पिता मोहम्मद सईद ने बताया – बेटी नाजमीन के पति हसन के अवैध संबंध थे। इसका पता चलने पर करीब 15 दिन पहले पति ने परिवार वालों के साथ मिलकर ससुराल में उसके साथ मारपीट की थी। उसी रात बेटी ने फोन कर कहा था – मुझे यहां नहीं रहना है, घर ले चलो। हालांकि परिवार और आसपास के लोगों के समझाने के बाद वे उसे ससुराल लेने नहीं गए थे। बीमार होने की सूचना और मौत की जानकारी रास्ते में दी गई मोहम्मद सईद ने बताया – 7 मई को सुबह करीब 10 बजे ससुराल से फोन आया कि नाजमीन बीमार हो गई है और बेहोश है। जब वे बेटी के ससुराल जा रहे थे, तो रास्ते में दोबारा कॉल कर बताया गया कि नाजमीन की मौत हो गई है। गले पर निशान मिलने का आरोप, हत्या की आशंका मोहम्मद सईद के अनुसार ससुराल पक्ष का कहना था कि नाजमीन ने सुबह घर का सारा काम किया था, जिसके बाद अचानक उसकी तबीयत बिगड़ गई और मौत हो गई। लेकिन जब परिजनों ने चेहरा ढका हुआ कपड़ा हटाया तो गले पर निशान दिखाई दिए। परिवार का आरोप है कि नाजमीन की 6 मई की रात करीब 2:30 बजे गला घोंटकर हत्या की गई है। साथ ही ससुराल पक्ष द्वारा उसका मोबाइल फोन भी नहीं दिया जा रहा है। मां बोली- घर आने पर भी ससुराल भेज दिया गया, गले पर गहरे निशान थे मां सुबिया बानो ने बताया कि सात दिन पहले नाजमीन दवाई लेने के लिए घर आई थी। उस समय बेटी ने कहा था कि “मुझे ऐसे कैसे छोड़ देंगे, मैं ससुराल में ही रहूंगी।” इसके बाद वह वापस ससुराल चली गई थी। चेहरा देखने से रोका गया, जबरदस्ती हटाने पर दिखे निशान मां ने बताया कि बेटी की मौत की जानकारी फोन पर दी गई थी। घर पहुंचने पर कई बार उन्हें बेटी का चेहरा देखने नहीं दिया गया। तीन बार कोशिश करने के बावजूद उन्हें रोका गया और बाहर कर दिया गया। चौथी बार जब उन्होंने जबरदस्ती चुन्नी हटाई तो नाजमीन के गले पर गहरे निशान दिखाई दिए। मां का आरोप- गला घोंटकर हत्या की गई सुबिया बानो ने रोते हुए कहा कि अगर कोई समस्या थी तो बेटी को घर भेज दिया जाता, उसकी जान लेने की क्या जरूरत थी। पुलिस जांच जारी सादुलपुर SHO राजेश सिहाग ने बताया – मोहम्मद सईद की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।