धौलपुर पुलिस ने शुक्रवार तड़के विशेष नाकाबंदी की। इस दौरान 881 वाहनों की जांच की गई और मोटर वाहन अधिनियम के तहत 169 ड्राइवरों पर कार्रवाई की गई। यह अभियान कानून व्यवस्था बनाए रखने और अपराधियों पर अंकुश लगाने के उद्देश्य से चलाया गया था। यह अभियान सुबह 3:00 बजे से शुरू हुआ, जिसमें संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों की गहन जांच की गई। जिला पुलिस अधीक्षक विकास सांगवान के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा और कमल कुमार जांगिड़ के पर्यवेक्षण में जिलेभर के वृताधिकारियों और थानाधिकारियों ने नाकाबंदी को प्रभावी ढंग से लागू किया। अभियान के तहत कुल 881 वाहनों की जांच की गई, जिनमें 359 दुपहिया और 522 चौपहिया वाहन शामिल थे। इस दौरान वाहन ड्राइवरों के दस्तावेजों की जांच की गई और सवार व्यक्तियों की पहचान का सत्यापन भी किया गया। नियमों का उल्लंघन करने वाले 169 वाहन ड्राइवरों के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई। इनमें 29 बिना हेलमेट, 81 बिना सीट बेल्ट, 1 मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाने वाला, 14 बिना नंबर प्लेट, 5 काली फिल्म लगे वाहन और 39 अन्य उल्लंघन शामिल थे। जांच के दौरान वाहनों के पंजीकरण और स्वामित्व की त्वरित पुष्टि के लिए राजकोप ऐप का उपयोग किया गया। पुलिस अधिकारियों ने यह भी सुनिश्चित किया कि महिलाओं, बीमार व्यक्तियों और वरिष्ठ नागरिकों को नाकाबंदी के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक वैभव शर्मा ने बताया कि आमजन की सुरक्षा और असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के लिए पुलिस लगातार सतर्क है। उन्होंने कहा कि भविष्य में भी इस तरह के अभियान जारी रहेंगे।