झालावाड़ जिले में राजस्थान कर्मचारी चयन बोर्ड की ओर से आयोजित प्रयोगशाला सहायक एवं कनिष्ठ प्रयोगशाला सहायक भर्ती परीक्षाओं को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। 9 और 10 मई को जिले के 20 परीक्षा केंद्रों पर आयोजित होने वाली इन परीक्षाओं में 17 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी, मोबाइल पार्टियां और सतर्कता दल तैनात किए गए हैं। साथ ही संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई जाएगी। 9 मई को भूगोल विषय की परीक्षा, 10 मई को दो पारियों में विज्ञान परीक्षा अतिरिक्त जिला कलेक्टर एवं परीक्षा समन्वयक अनुराग भार्गव ने बताया कि प्रयोगशाला सहायक (भूगोल) सीधी भर्ती परीक्षा 9 मई शनिवार को सुबह 11 बजे से दोपहर 2 बजे तक आयोजित होगी। इस परीक्षा में जिलेभर से 5615 अभ्यर्थी भाग लेंगे। वहीं 10 मई रविवार को प्रयोगशाला सहायक एवं कनिष्ठ प्रयोगशाला सहायक (विज्ञान) संयुक्त सीधी भर्ती परीक्षा दो पारियों में होगी। पहली पारी सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक तथा दूसरी पारी दोपहर 3 बजे से शाम 5 बजे तक आयोजित की जाएगी। दोनों पारियों में लगभग 6-6 हजार अभ्यर्थियों के शामिल होने की संभावना है। 20 परीक्षा केंद्र बनाए, उपसमन्वयकों की नियुक्ति परीक्षा संचालन को सुचारू बनाए रखने के लिए जिले में कुल 20 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रशासन ने 9 मई की परीक्षा के लिए 12 उपसमन्वयकों तथा 10 मई की दोनों पारियों के लिए 10-10 उपसमन्वयकों की नियुक्ति की है। प्रशासन का कहना है कि परीक्षा केंद्रों पर सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित कर ली गई हैं ताकि अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। संवेदनशील केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा, मोबाइल पार्टियां रहेंगी सक्रिय जिला प्रशासन ने परीक्षा की गोपनीयता और सुरक्षा को लेकर विशेष प्रबंध किए हैं। सम्पूर्ण पुलिस व्यवस्था के लिए भागचन्द मीणा को नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। सभी परीक्षा केंद्रों पर पर्याप्त पुलिस जाप्ता और महिला पुलिस बल तैनात रहेगा, जबकि संवेदनशील केंद्रों पर अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा परीक्षा के दौरान पुलिस मोबाइल पार्टियां लगातार निगरानी करेंगी। प्रशासन ने प्रश्न-पत्रों की सुरक्षा एवं वितरण की जिम्मेदारी कोषाधिकारी झालावाड़ को सौंपी है। परीक्षा प्रक्रिया की होगी वीडियोग्राफी परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी बनाए रखने के लिए संपूर्ण परीक्षा प्रक्रिया की वीडियोग्राफी कराई जाएगी। साथ ही परीक्षा सामग्री के सुरक्षित परिवहन, नियंत्रण कक्ष की सुरक्षा और मुख्य डाकघर में परीक्षा सामग्री जमा कराने तक विशेष सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। प्रभावी निगरानी के लिए प्रशासन ने 4 सतर्कता दलों का गठन भी किया है, जो विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं पर नजर रखेंगे। कलेक्ट्रेट में बनाया नियंत्रण कक्ष, 10 मई तक रहेगा संचालित परीक्षा से जुड़े समन्वय और त्वरित सूचना आदान-प्रदान के लिए कलेक्ट्रेट कार्यालय के कमरा नंबर 223 में नियंत्रण कक्ष स्थापित किया गया है। यह नियंत्रण कक्ष 7 मई से 10 मई 2026 तक लगातार संचालित रहेगा। परीक्षा संबंधी जानकारी के लिए दूरभाष नंबर 07432-230443 जारी किया गया है, जिस पर अभ्यर्थी और संबंधित लोग संपर्क कर सकते हैं।
जिला स्तरीय बुनकर पुरस्कार के लिए आवेदन शुरू, 30 जून तक कर सकेंगे आवेदन हाथकरघा बुनकरों को मिलेगा नगद पुरस्कार, तीन साल से काम कर रहे बुनकर होंगे पात्र राज्य सरकार ने हाथकरघा बुनकरों को प्रोत्साहन देने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए जिला स्तरीय बुनकर पुरस्कार योजना शुरू की है। इसके तहत पात्र बुनकरों को नगद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र झालावाड़ ने आवेदन प्रक्रिया शुरू कर दी है और इच्छुक बुनकर 30 जून तक आवेदन जमा कर सकेंगे। इन बुनकरों को मिलेगा आवेदन का मौका जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र के महाप्रबंधक शम्भू सिंह रावत ने बताया कि ऐसे हथकरघा बुनकर आवेदन करने के पात्र होंगे, जो जिले की सीमा में हथकरघा पर बुनाई कार्य कर रहे हों और पिछले तीन वर्षों से लगातार इस कार्य में संलग्न हों। साथ ही जिन बुनकरों का पिछले तीन वर्षों में इस पुरस्कार के लिए चयन नहीं हुआ है, वे भी आवेदन कर सकते हैं। 30 जून तक जमा होंगे आवेदन पात्र बुनकर अपने आवेदन पत्र 30 जून 2026 तक कार्यालय महाप्रबंधक, जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र, झालावाड़ में जमा करा सकते हैं। आवेदन पत्र जिला उद्योग एवं वाणिज्य केन्द्र कार्यालय से प्राप्त किए जा सकते हैं। प्रशासन ने जिले के अधिक से अधिक हथकरघा बुनकरों से इस योजना का लाभ उठाने की अपील की है।