जब बेटी से मेरी बात हुई थी, तब वह बस में बैठी थी। बस से उतरने से पहले उसने कहा था- आज मुझे जॉइनिंग लेटर मिलने वाला है। इसके बाद प्राइवेट कंपनी में जॉब मिल जाएगी। उसके फोन रखते ही 10 सेकेंड में एक अनजान नंबर से कॉल आया और फोन करने वाले ने कहा-नेहा का एक्सीडेंट हो गया है। यह कहना है कि जोधपुर की रहने वाली नेहा उपाध्याय (26) की मां सुनैना का। नेहा को दो दिन पहले जयपुर में बस से उतरते समय एक गाड़ी ने कुचल दिया। था। हादसा मालपुरा गेट थाना क्षेत्र में बंबाला पुलिया के पास हुआ था। नेहा जोधपुर के गायत्री नगर, पाल रोड की रहने वाली थी। उसके पिता किशन गोपाल उपाध्याय (52) जोधपुर के मथुरादास माथुर हॉस्पिटल के ट्रॉमा वार्ड में एमआरआई और सिटी स्कैन डिपार्टमेंट में काम करते हैं। जबकि मां फाइनेंस कंसल्टेंसी का काम देखती हैं, जिसे नेहा आगे बढ़ाना चाहती थी। नेहा तीन महीने से जयपुर से डिजिटल मार्केटिंग का कोर्स कर रही थी। वह मानसरोवर में रजत पथ पर एक पीजी में रहती थी। नेहा की मां सुनेना उपाध्याय (50) ने बताया कि हादसे से 10 सेकेंड पहले ही उनकी बेटी से बात हुई थी। नेहा के पिता किशन गोपाल ने बताया- यह हिट एंड रन का मामला है। हादसे में बेटी के सिर में चोट लगी थी, काफी खून बह गया था, जिससे उसकी मौत हो गई। नेहा का गुरुवार को अंतिम संस्कार कर दिया गया। मां के बिजनेस को आगे बढ़ाना चाहती थी नेहा के पिता किशन गोपाल ने बताया- नेहा फाइनेंस मैनेजमेंट (म्यूचल फंड और अकाउंटिंग) का काम भी करती थी। इस काम की शुरुआत उसकी मां सुनैना ने की थी। नेहा चाहती थी कि वह मां के साथ मिलकर इस बिजनेस को आगे बढ़ाए। जोधपुर के लाचू कॉलेज से बीबीए करने के साथ ही वह फाइनेंस मैनेजमेंट का पूरा काम संभालती थी। इस बिजनेस को स्टेब्लिश करने के लिए नेहा ने डिजिटल मार्केटिंग का कोर्स करने के लिए तीन महीने पहले करीब 15 अप्रैल को जयपुर में एडमिशन लिया था। हादसे वाले दिन जॉइनिंग लेटर मिलने वाला था नेहा की मां सुनैना उपाध्याय ने बताया- हादसे से पहले मेरी नेहा से बात हुई थी। वह बस में बैठी थी। जिस दिन ये हादसा हुआ, उसी दिन उसे जॉइनिंग लेटर मिलने वाला था। बस से उतरने से पहले उसने कहा था- आज जॉइनिंग लेटर मिलने वाला है और फिर वो प्राइवेट कंपनी में जॉब पर लग जाएगी। उसने फोन रखा ही था कि 10 सेकेंड में एक अनजान नंबर से कॉल आया और फोन करने वाले ने कहा-नेहा का एक्सीडेंट हो गया है। वहां मौजूद लोग बार-बार मुझे कॉल कर कह रहे थे कि जल्दी यहां पहुंचे। लोगों ने कहा- नेहा 10 मिनट तक वहां पर तड़पती रही। सिर में चोट लगने से काफी खून बह चुका था। इस दौरान उसे सीपीआर दिया गया। इसके बाद वहां मौजूद लोग उसे आरयूएचएस हॉस्पिटल लेकर गए। वहां से उसे एसएमएस हॉस्पिटल रेफर कर दिया गया। दोपहर करीब 2:30 बजे उसकी मौत हो गई। परिजन नेहा की शादी की प्लानिंग कर रहे थे नेहा के पिता ने बताया कि वह चाहती थी कि खुद अपने पैरों पर खड़ी होकर बिजनेस को स्टेब्लिश करे। इसलिए वह जयपुर गई थी। इस साल उसकी शादी की प्लानिंग भी कर रहे थे। रिश्ते देखना शुरू कर दिया था। हादसे के बाद से बेटी का न तो फोन मिला और न ही बैग। किसने टक्कर मारी, कौन सी गाड़ी थी, कौन लोग थे, ये हमें भी नहीं पता। ये जरूर पता है कि टक्कर मारने वाले मौके से फरार हो गए थे। ————- ये खबर भी पढ़िए… जयपुर में हिट एंड रन में युवती की मौत:कंपनी जाने के लिए बस से उतरी; रोड क्रॉस करते समय गाड़ी ने मारी टक्कर जयपुर में हिट एंड रन में एक युवती की मौत हो गई। यह हादसा बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे टोंक रोड पर बम्बाला पुलिया के पास हुआ। हादसे में जोधपुर के गायत्री नगर निवासी नेहा (26) पुत्री किशन गोपाल उपाध्याय की मौत हो गई। (पढ़िए पूरी खबर)
