खेत में बनी झोपड़ी से महिला और उसकी दो नाबालिग बेटियों को किडनैप करने का मामला सामने आया है। महिला का आरोप है कि 4 लोग उन्हें कैंपर कार में जबरन डालकर ले गए। वे एक व्यक्ति से शादी करने का दबाव बना रहे थे। महिला ने बंधक बनाकर रखने और रेप का मामला दर्ज कराया है। घटना नागौर जिले के श्रीबालाजी थाना इलाके की है। मामले में FIR 27 अक्टूबर को दर्ज कराई गई है। शुक्रवार को घटनाक्रम सामने आया। पति की मौत के बाद लिव-इन में रह रही पीड़िता के मुताबिक- 3 साल पहले मेरे पति की मौत हो गई थी। मैंने दूसरी शादी की और ट्रक ड्राइवर पति के साथ रहने लगी। गुजारा करने के लिए बंटाई पर खेत लिया और किसानी का काम करने लगी। खेत में बनी झोंपड़ी में मैं पति और दो नाबालिग बेटियों के साथ रह रही थी। 24 अक्टूबर की रात 8 बजे मेरे पति ट्रक लेकर ढुलाई के काम पर चले गए। इसी दौरान 4 आदमी कैंपर कार से मेरे घर आए और एक व्यक्ति से शादी करने का दवाब बनाने लगे। इनकार करने पर उन्होंने मुझे और मेरी दो नाबालिग बेटियों को डरा-धमकाया। बेटियों को जान से मारने की धमकी देने लगे। इसके बा जबरन कैंपर कार में बैठाकर ले गए। वे लोग हमें दूसरी जगह ले गए और एक कमरे में बंद करा दिया। वहां दो आरोपियों ने मेरे साथ रेप किया। दूसरे दिन 25 अक्टूबर को भी एक आरोपी ने मेरे साथ रेप किया। देर रात दोनों बेटियों को लेकर भागी पुलिस को दी रिपोर्ट में महिला ने बताया- 25 अक्टूबर की रात 11 बजे मैं उन लोगों के चंगुल से निकलकर अपनी बेटियों को साथ लेकरभाग निकली। नजदीकी गांव जाकर ग्रामीणों की मदद ली और उनके यहां शरण ली। दूसरे दिन 26 अक्टूबर को लोगों की मदद से मैंने अपनी पति को घटना की सूचना दी और श्रीबालाजी थाना पुलिस के सामने उपस्थित होकर लिखित शिकायत पेश की। BNS की धाराओं में दर्ज हुआ मामला श्रीबालाजी थाना पुलिस ने 27 अक्टूबर को रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 87, 70(1), 127(2) और 3(5) के तहत चारों आरोपियों के खिलाफ नामजद मामला दर्ज किया है। नागौर के पुलिस उपाधीक्षक के निर्देशानुसार सहायक पुलिस अधीक्षक एवं वृताधिकारी नागौर को जांच सौंपी गई है।
