जयपुर। राजस्थान में वरिष्ठ आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल और उनके परिजनों की ओर से एक ही कंपनी से करीब 40 कॉटेज-विला खरीदने का मामला अब जांच के दायरे में आ गया है। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के निर्देश पर राज्य सरकार ने इस पूरे प्रकरण की जांच भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) को सौंपने की मंजूरी दे दी है। जिसके बाद भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जांच भी शुरू कर दी है। इसके लिए राज्य सरकार ने भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 17-ए के तहत जांच की अनुमति दी है। कंपनी ‘अनंता’ नाम से होटल और रिसॉर्ट संचालित करती है। जांच में संपत्तियों की खरीद के लिए किए गए वित्तीय लेन-देन के साथ निजी कंपनी को कथित तौर पर रियायतें दिलाने और पद के दुरुपयोग के आरोपों की भी पड़ताल होगी।
